अलवर , अप्रैल 02 -- राजस्थान में अलवर शहर के मुख्य डाकघर को गुरुवार को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह धमकी ईमेल के जरिए दी गई, जो तीसरी बार सामने आई है। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन तुरंत सतर्क हो गया और सुरक्षा के मद्देनज़र डाकघर परिसर को खाली कराया गया। कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकालकर पूरे क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया गया।
पुलिस सू्त्रों ने बताया कि दोपहर करीब दो बजे धमकी भरा मेल प्राप्त हुआ, जिसके बाद तुरंत कार्रवाई की गई। बम निरोधक दस्ते और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर गहन तलाशी ली। हालांकि अब तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है।
फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और मेल भेजने वाले की पहचान करने के प्रयास जारी हैं। लगातार मिल रही धमकियों से प्रशासन भी सतर्क हो गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित