देवरिया , जुलाई 16 -- उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले से पृथक पूर्वांचल राज्य की मांग एक बार फिर उठी है। राष्ट्रीय विकास मंच पार्टी ने गुरुवार को प्रधानमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपते हुए मांग की कि पूर्वांचल राज्य के गठन पर शीघ्र निर्णय लिया जाए। संगठन ने चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं होने पर दो अगस्त को नई दिल्ली स्थित जंतर-मंतर पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
पार्टी पदाधिकारियों ने ज्ञापन में कहा कि पूर्वांचल क्षेत्र में उद्योगों और रोजगार के पर्याप्त अवसर न होने के कारण बड़ी संख्या में युवाओं को पलायन करना पड़ रहा है। उनका दावा है कि अलग पूर्वांचल राज्य के गठन से क्षेत्र का संतुलित विकास होगा तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
इस अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय विकास मंच पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. पी.के. तिवारी ने कहा कि अलग पूर्वांचल राज्य की मांग को लेकर दो अगस्त 2026 को नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर विशाल धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रदर्शन का नेतृत्व पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष कपिलदेव यादव करेंगे।
डॉ. तिवारी ने केंद्र सरकार से पूर्वांचल राज्य के गठन के संबंध में शीघ्र निर्णय लेने की मांग करते हुए कहा कि जब तक मांग पूरी नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर पर प्रस्तावित धरने के बाद प्रदेश स्तर पर विधानसभा घेराव का कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित