देहरादून , सितम्बर 14 -- ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान के अंतर्गत पिछले 24 घंटों में उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के विभिन्न थाना क्षेत्रों से पुलिस ने दो महिला नशा तस्करों सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनसे पांच लाख से अधिक कीमत के अवैध नशीले पदार्थ बरामद किये हैं।

पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि थाना सहसपुर पुलिस ने रविवार को कुरैशी मौहल्ला गली नम्बर 01 से एक महिला अभियुक्ता जैतून पत्नी को तीन लाख 20 हज़ार रुपये से अधिक अनुमानित मूल्य की 10.79 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी पूर्व में भी मादक पदार्थों की तस्करी में जेल जा चुकी है। उन्होंने बताया कि कोतवाली विकास नगर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कुँजा ग्राम निवासी एक आरोपी आशिक अली पुत्र तहसीन को लगभग दो लाख रुपये की 06.00 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। इसके अलावा, आज पटेलनगर पुलिस ने सब्जी मंडी सुलभ शौचालय के पास स्थित पेड के नीचे खाली स्थान से एक महिला तस्कर सिमरन पत्नी सूरज साहनी निवासी ग्राम बेनीवाला, थाना गायघाट, जिला मुजफ्फरपुर, बिहार हाल पता काला ग्राउण्ड के पास ब्रह्मपुरी, किरायेदार तारादेवी का मकान, पटेलनगर, देहरादून को तीन किलो 12 ग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। सभी अभियुक्तों पर धारा-8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किए गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित