नयी दिल्ली (वार्ता) राज्यसभा के लिए नव निर्वाचित सदस्य डॉ. अलका गुर्जर और डॉ. सतीश पूनिया ने दिल्ली देहात के विकास के प्रति प्रतिबद्धता दोहराते हुए क्षेत्र के लोगों को आश्वासन दिया है कि वे उनसे संबंधित मुद्दों को केंद्र सरकार के समक्ष और अन्य संबंधित मंचों पर मजबूती से उठायेंगे।

दिल्ली देहात क्षेत्र के लोगों ने शनिवार को यहां पालम गांव स्थित दादा देव मंदिर के सत्संग भवन में आयोजित एक समारोह में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दोनों नेताओं का भव्य स्वागत किया। समारोह की अध्यक्षता पालम 360 खाप के प्रधान चौधरी सुरेंद्र सोलंकी ने किया। दोनों नेता राज्य सभा के लिए हल में हुए चुनावों में राजस्थान से चुने गये हैं।समारोह में दिल्ली देहात के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक शामिल हुए। दोनों सांसदों को फूल-माला, पगड़ी और स्मृति चिह्न भेंट किये गये।

कार्यक्रम में दिल्ली देहात के विकास, किसानों के हित और ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं को लेकर विस्तार से चर्चा भी हुई। श्री सोलंकी ने कहा कि डॉ. गुर्जर और डॉ. पूनिया दोनों ही किसान परिवार के हैं और ग्रामीण समाज की समस्याओं को भली-भांति समझते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों राज्यसभा सांसद संसद में दिल्ली देहात के किसानों, ग्रामीणों और गांवों की समस्याओं को मजबूती से उठाएंगे तथा सरकार द्वारा किए गए वादों को पूरा कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

नजफगढ़ की विधायक नीलम कृष्ण पहलवान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी महिलाओं को नेतृत्व में आगे बढ़ाने का लगातार कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि डॉ. गुर्जर को राज्यसभा भेजकर महिलाओं को सम्मान और नयी पहचान देने का काम किया गया है, जिससे महिला शक्ति का मनोबल और बढ़ा है।

डॉ. पूनिया ने कहा कि पालम 360 खाप के प्रधान सोलंकी ने उन्हें दिल्ली देहात और किसानों की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इन मुद्दों को केंद्र सरकार और संबंधित मंचों पर पूरी मजबूती से उठाया जाएगा तथा उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने में दिल्ली देहात के लोगों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है और इसमें चौधरी सुरेंद्र सोलंकी की भूमिका भी उल्लेखनीय रही।

वहीं डॉ. गुर्जर ने कहा कि दिल्ली देहात के लोगों ने जिस विश्वास के साथ भाजपा का समर्थन किया है, वह उस विश्वास पर पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगी।

इस अवसर पर प्रधान चौधरी नरेश , चौधरी धारा सिंह , चौधरी रणबीर खत्री , वेदपाल मान , सुरेश शौकीन , रविंद्र सोलंकी, राज शर्मा , ओमवीर प्रधान (दादा देव मंदिर कमेटी), रामचंद्र पहलवान, सुषमा पवन रथी तथा सीमा पंडित (निगम पार्षद, पालम) सहित अनेक प्रमुख जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।समारोह का समापन दिल्ली देहात के विकास, किसानों के हितों की रक्षा और ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं के समाधान के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित