चेन्नई , जुलाई 15 -- तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर और मुख्यमंत्री विजय ने बुधवार को यहां पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के दिग्गज नेता के. कामराज की 124वीं जयंती पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अपने मंत्रिमंडल के सहयोगियों एवं वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों के साथ अन्ना सलाई में कामराज की प्रतिमा पर माला पहनायी और उनकी तस्वीर पर फूल चढ़ाकर श्रद्धांजलि दी।
राज्य में अन्य जगहों पर, द्रमुक, अन्नाद्रमुक, कांग्रेस और अन्य पार्टियों के नेताओं ने उन्हें फूल चढ़ाकर श्रद्धांजलि दी। टीएनसीसीस एससी विंग ने इस मौके पर 124 किलो का केक काटा और कल्याणकारी योजनाओं के तहत चीज़ें बांटीं। इस कार्यक्रम में केरल के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला भी मौजूद थे जो मुख्यमंत्री के साथ बैठक के लिए शहर में आए हुए थे।
अपने संदेश में राज्यपाल ने कहा, "पेरुंथलैवर के. कामराज की जयंती पर मैं एक दूरदर्शी नेता को सम्मानपूर्वक श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं जिन्होंने तमिलनाडु में शिक्षा के क्षेत्र में बदलाव लाया। कामराज की शुरुआती पहलों, जिनमें मिड-डे मील योजना शुरू करना और उसका विस्तार करना शामिल है, ने लाखों बच्चों को स्कूलों तक पहुंचाया और यह सुनिश्चित किया कि शिक्षा समाज के सबसे वंचित वर्गों तक पहुंचे। स्कूल अवसंरनचा एवं शिक्षा तक पहुंच के मामले में उनके दूरगामी सुधारों ने तमिलनाडु में प्रगति एवं सामाजिक समानता की नींव रखी।"श्री अर्लेकर ने कहा कि उनका जीवन सादगी, ईमानदारी और जनसेवा के प्रति अटूट समर्पण का एक शानदार उदाहरण बना हुआ है। उनके आदर्श एक समावेशी एवं शिक्षित समाज के निर्माण में हमारा मार्गदर्शन करते रहेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित