ईटानगर , मार्च 03 -- अरुणाचल प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र छह मार्च से शुरू होगा।

आधिकारिक सूत्रों ने आज बताया कि सत्र 12 मार्च तक चलेगा और इसमें पांच बैठकें होंगी।

उप मुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री चोवना मेन 10 मार्च को वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए बजट पेश करेंगे। सूत्रों ने बताया कि बजट पर 11 मार्च को चर्चा होगी और पारित किया जाएगा।

मुख्य विधायी कार्यों में, पहले दिन सात महत्वपूर्ण सरकारी विधेयक पेश किए जायेंगे इनमें अरुणाचल प्रदेश स्थानीय प्राधिकरण (दलबदल निषेध) (संशोधन) विधेयक, 2026; अरुणाचल प्रदेश शिक्षक स्थानांतरण और पदस्थापन (विनियमन और प्रबंधन) विधेयक, 2026 और अरुणाचल प्रदेश अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाएं बिल, 2026 शामिल हैं।

इस बीच राज्य विधानसभा अध्यक्ष टेसम पोंगटे तुत्सा ने आज 8वीं अरुणाचल प्रदेश विधानसभा की कार्य मंत्रणा समिति की छठीं बैठक की अध्यक्षता की, ताकि छह से 12 मार्च तक होने वाले आने वाले बजट सत्र के लिए एजेंडा को अंतिम रुप दिया जा सके।

इससे पहले विधानसभा अध्यक्ष की अध्यक्षता में नियम समिति की दूसरी बैठक भी हुई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित