ईटानगर , मई 31 -- अरुणाचल प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष कालिंग मोयोंग ने रविवार को राज्य के नेतृत्व में संभावित बदलाव की अफवाहों को खारिज करते हुए मुख्यमंत्री खांडू के प्रति अपना समर्थन दोहराया।
श्री मोयोंग ने कहा कि पार्टी आलाकमान द्वारा केंद्रीय या राज्य स्तर पर ऐसा कोई भी फैसला नहीं लिया गया है।
उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि नेतृत्व परिवर्तन की अटकलें बेबुनियाद हैं। उन्होंने जनता से गलत सूचनाओं से गुमराह नहीं होने का आग्रह किया। उन्होंने कहा, "पार्टी आलाकमान द्वारा, चाहे केंद्र में हो या राज्य में नेतृत्व में किसी भी बदलाव को लेकर कोई फैसला नहीं लिया गया है।"भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने पार्टी के रूख को दोहराते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पेमा खांडू को पार्टी नेतृत्व का पूरा भरोसा और समर्थन प्राप्त है।
श्री मोयोंग ने श्री खांडू द्वारा अरुणाचल प्रदेश का नेतृत्व करते रहने की बात कही और पार्टी कार्यकर्ताओं, समर्थकों एवं जनता से बेबुनियाद अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा सरकार के विकास एजेंडे पर ध्यान केंद्रित करने की अपील की।
गौरतलब है कि यह स्पष्टीकरण ऐसे समय में आया है जब कुछ हलकों में राज्य के राजनीतिक नेतृत्व में संभावित बदलाव को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित