ईटानगर , मार्च 16 -- अरुणाचल प्रदेश में प्रस्तावित सियांग अपर बहुउद्देशीय परियोजना (एसयूएमपी) के लिए पूर्व-संभाव्यता रिपोर्ट (पीईआर) सर्वे के समर्थन में अपर सियांग ज़िले के बोमदो गाँव के 77 में से 56 परिवारों ने सोमवार को इसके लिये अपनी सहमति दे दी।

इन परिवारों ने यिंगकियोंग में उपायुक्त (डीसी) बंगले के सम्मेलन कक्ष में एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर करके औपचारिक रूप से अपनी सहमति व्यक्त कर दी है।एमओयू पर हस्ताक्षर का कार्यक्रम एसयूएमपी विकास समिति के उपाध्यक्ष लुमगें लिटिन, समिति के सदस्यों ओमियांग बोली और दुबोम टेक्सेंग, क्षेत्रीय अधिकारी केनबांग जोंगके और परियोजना से प्रभावित परिवारों (पीएएफ ) के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में आयोजित किया गया था। अरुणाचल प्रदेश सरकार की ओर से, अपर सियांग के उपायुक्त तालो जेरांग ने एमओयू पर हस्ताक्षर किये।

वहीं, श्री बिनबो लोंचंग ने बोमडो गाँव के परियोजना से प्रभावित परिवारों की ओर से समझौते पर हस्ताक्षर किये और औपचारिक रूप से सहमति पत्र उपायुक्त को सौंप दिया। श्री जेरांग ने सभा को संबोधित करते हुए पीईआर सर्वेक्षण के विभिन्न पहलुओं के बारे में विस्तार से बताया और पूर्व-संभाव्यता अध्ययन प्रक्रिया से संबंधित शंकाओं और गलतफहमियों को दूर किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित