ईटानगर , जून 27 -- अरुणाचल प्रदेश में केयी पैन्योर जिले के यजाली सर्कल के पूसा इलाके में गत 24 जून को आयी भयानक बाढ़ के बाद लापता एक महिला का शव शनिवार को बरामद किया गया, जिससे इस आपदा में मरने वालों की संख्या दो हो गयी है।
राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र (एसईओसी) की रिपोर्ट के अनुसार कई एजेंसियों के चलाये गये गहन खोज और बचाव अभियान के दौरान शव बरामद किया गया। स्थानीय लोगों ने मृतक की पहचान बल्लारी मारक उर्फ ओलिन सिंकली (30) के रूप में की। वह मेघालय के री-भोई जिले के भोइरिमबोंग, लम्पशोपिंग इलाके की रहने वाली थीं। यह शव बचावकर्मियों को कई दिनों की लगातार खोज के बाद मिला है। ये कर्मी पूसा और आस-पास के इलाकों में अचानक आयी बाढ़ से हुई भारी तबाही के बाद प्रभावित क्षेत्रों में तलाशी अभियान चला रहे थे।
इस नयी बरामदगी के साथ 24 जून को आयी बाढ़ से मरने वालों की संख्या दो हो गयी है। इससे पहले बचाव दलों ने निर्मला गुप्ता (35) का शव बरामद किया था, जो यजाली के वीवीके एनईईपीसीओ में शिक्षिका थीं और आपदा के दौरान बाढ़ के पानी में बह गयी थीं।
बाढ़ की घटना के बाद से जिला प्रशासन, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ), राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ), पुलिस और स्थानीय स्वयंसेवकों की टीमें बाढ़ प्रभावित इलाके में गहन अभियान चला रही हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित