ईटानगर , जून 04 -- अरूणाचल प्रदेश की पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार कर उनके पास से संदिग्ध हेरोइन जब्त की है।
असम से अरुणाचल प्रदेश में नशीले पदार्थों को गैरकानूनी ढंग से लाये जाने के संबंध में बांदेरदेवा पुलिस को विश्वसनीय खुफिया जानकारी मिली। इस पर तुरंत कार्रवाई करते हुये बांदेरदेवा पुलिस स्टेशन के थाना प्रभारी निरीक्षक किपा हमक के नेतृत्व में एक पुलिस टीम ने, जिसमें उप-निरीक्षक बी पेगु, उप-निरीक्षक टी हिंदा, महिला कांस्टेबल रीता देवी और सीआरपीएफ के जवान शामिल थे। पुलिस ने एक मारुति ऑल्टो के10 वाहन (पंजीकरण संख्या एआर-01वी-3694) को रोका। वाहन की तलाशी के दौरान पुलिस ने 30 शीशियां बरामद कीं, जिनमें 38.70 ग्राम (शीशियों के वजन सहित) संदिग्ध हेरोइन थी। इस जब्ती के बाद, स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम की धारा 21(बी) और 29 के तहत मामला संख्या 30/2026 दर्ज किया गया और तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार किये गये लोगों की पहचान ईटानगर के जुली-जोलांग निवासी ख्योदा मामा, ईटानगर के एफ एंड जी सेक्टर निवासी खोदा तादी और पापुम पारे जिले के चिम्पू निवासी गुड़िया राय के रूप में हुई है।
पुलिस ने कहा कि प्रतिबंधित पदार्थ के स्रोत का पता लगाने और तस्करी के इस अभियान में शामिल तंत्र का पर्दाफाश करने के लिये आगे की जांच की जा रही है। इस सफल अभियान को नाहरलगुन के पुलिस अधीक्षक डॉ. न्येलम नेगा की देखरेख में अंजाम दिया गया, जो ईटानगर राजधानी क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी और संबंधित आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ चल रहे अभियान का हिस्सा है।
पुलिस ने नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियानों को तेज करने और अवैध नशीले पदार्थों के व्यापार में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित