ईटानगर , अप्रैल 16 -- अरुणाचल प्रदेश में जनगणना 2027 के तहत मकानों की सूची और आवास गणना के लिए स्व-गणना प्रक्रिया गुरुवार से शुरू हो गयी, जो डिजिटल और सहभागी जनगणना की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

इस प्रक्रिया के तहत नागरिक आधिकारिक डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से अपने परिवार से जुड़ी जानकारी स्वयं दर्ज कर सकते हैं, जिससे सटीक और समयबद्ध डेटा संग्रह सुनिश्चित होगा।अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे परिवार की संरचना, आवास की स्थिति और मूलभूत सुविधाओं से संबंधित सही जानकारी उपलब्ध कराएं।

इस पहल में शामिल होते हुए मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने पहली बार स्वयं जियो-टैगिंग और डिजिटल मैपिंग के जरिए अपनी गणना पूरी की। उन्होंने बताया कि स्व-गणना चरण 30 अप्रैल 2026 तक जारी रहेगा, जिसके दौरान परिवार डिजिटल माध्यम से अपनी जानकारी जमा कर सकेंगे। इसके बाद 1 से 30 मई तक फील्ड ऑपरेशन होंगे, जिसमें प्रशिक्षित गणनाकार राज्यभर में घर-घर जाकर डेटा का सत्यापन और संग्रह पूरा करेंगे।

मुख्यमंत्री खांडू ने नागरिकों से स्व-गणना में सक्रिय भागीदारी और फील्ड विजिट के दौरान गणनाकारों को पूरा सहयोग देने की अपील की। उन्होंने प्रभावी योजना और शासन के लिए सटीक और पूर्ण जानकारी देने के महत्व पर जोर दिया।

अधिकारियों ने कहा कि जनगणना देश की सबसे बड़ी प्रशासनिक कवायदों में से एक है और इसके जरिए जुटाया गया डेटा नीति निर्माण, संसाधन आवंटन और ग्रामीण-शहरी क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे के विकास में उपयोग होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित