ईटानगर , अगस्त 07 -- अरुणाचल प्रदेश में शांति और उग्रवाद विरोधी प्रयासों को उस समय बड़ी सफलता मिली जब यूनाइटेड लिबरेशन फ्रंट ऑफ असोम (इंडिपेंडेंट) या उल्फा (आई) के चार सक्रिय कैडरों ने शुक्रवार को आत्मसमर्पण कर दिया।

अधिकारियों ने बताया कि यह आत्मसमर्पण भारत-म्यांमार सीमा के पास लॉन्गडिंग जिले के वाका सर्किल के अंतर्गत आने वाले चुपखाव ट्रैक क्षेत्र में सुरक्षा बलों के चलाए एक अभियान के दौरान हुआ।

विशिष्ट खुफिया जानकारी के आधार पर असम राइफल्स ने क्षेत्र में एक सुनियोजित अभियान शुरू किया था। लगातार संवाद और विश्वास निर्माण के प्रयासों के जरिए सुरक्षाकर्मियों ने उग्रवादियों को हिंसा का रास्ता छोड़कर मुख्यधारा में लौटने के लिए राजी कर लिया, जिसके बाद चारों कैडरों ने स्वेच्छा से अपने हथियार डाल दिए।

यह पूरा अभियान बिना किसी गोलीबारी या जनहानि के शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। आत्मसमर्पण के दौरान सुरक्षा बलों ने उग्रवादियों के पास से चार पिस्तौल और 17 राउंड कारतूस बरामद किए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित