ईटानगर , जुलाई 15 -- पूर्वोत्तर परिषद (एनईसी) ने मई-जून 2026 के दौरान अरुणाचल प्रदेश में स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन, ग्रामीण विकास, कृषि, आजीविका और सड़क संपर्क से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं के लिए 19.03 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जारी की है।
पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्रालय (एमडीओएनईआर) के तहत कार्यरत एनईसी ने बुधवार को जारी विज्ञप्ति में बताया कि इसमें 16.03 करोड़ रुपये एनईसी योजनाओं (सोनेक) तथा तीन करोड़ रुपये पूर्वोत्तर विशेष अवसंरचना विकास योजना (नेसिड्स) के तहत जारी किये गये हैं।
स्वास्थ्य क्षेत्र में अपर सियांग जिले के यिंगकियोंग जिला अस्पताल में नर्सिंग छात्रावास तथा पश्चिम सियांग जिले के डोनी पोलो सरकारी कॉलेज, कामकी में छात्राओं के लिए छात्रावास निर्माण को मंजूरी दी गयी है। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए साप्पारिजो (किचो) पर्यटन परिसर और राष्ट्रीय राजमार्ग-513 पर पासीघाट-यिंगकियोंग व्यू प्वाइंट के विकास के लिए भी सहायता दी गयी है, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है।
बागवानी क्षेत्र में दिरांग में पर्सिमन प्रोसेसिंग कॉमन फैसिलिटी सेंटर की स्थापना के लिए भी धनराशि स्वीकृत की गयी है, जिससे फसल के बाद होने वाले नुकसान में कमी आयेगी और किसानों की आय बढ़ाने में मदद मिलेगी।
चांगलांग जिले के खरसांग में सुपरमार्केट-सह-पार्किंग सुविधा विकसित करने के लिए भी वित्तीय सहायता दी गयी है। इसके अलावा पारंपरिक मोन-शुगु हस्तनिर्मित कागज शिल्प के संरक्षण तथा सीमावर्ती क्षेत्रों में मेयोर समुदाय के कल्याण संबंधी ढांचे को मजबूत करने के लिए भी सहायता प्रदान की गयी है। नेसिड्स-रोड्स के तहत बाना-ओल्ड सोपुंग-चिजांग काजिंग सड़क (एनएच-513) और 55 किलोमीटर लंबी पक्के-सेइजोसा-इताखोला सड़क के निर्माण एवं उन्नयन के लिए भी धनराशि जारी की गयी है, जिससे दूरदराज के क्षेत्रों में संपर्क, स्वास्थ्य, शिक्षा और बाजारों तक पहुंच बेहतर होगी।
एनईसी ने बताया कि इसी अवधि में सोनेक के तहत संचालित नाचो बैकवर्ड ब्लॉक विकास परियोजना पूरी हो गयी है, जिससे राज्य के सबसे दुर्गम क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे और सार्वजनिक सेवाओं में सुधार हुआ है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित