ईटानगर , अगस्त 15 -- अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त ) केटी परनाइक ने नागरिकों से अपील की है कि वे 'विविधता में एकता' और मातृभूमि के प्रति समर्पण की भावना से प्रेरित होकर एक समृद्ध, शांतिपूर्ण और आत्मनिर्भर भारत बनाने में योगदान दें।
श्री परनाइक ने यहां लोक भवन में शनिवार को 80वें स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के मौके राष्ट्र ध्वज फहराया और लोक भवन में तैनात भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी ) की 33वीं बटालियन की इको कंपनी द्वारा दी गयी 'गार्ड ऑफ ऑनर' की सलामी ली। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस को उन अनगिनत स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करने का अवसर बताया, जिनके साहस, दृढ़ संकल्प और निस्वार्थ सेवा ने देश को आजादी मिली। उन्होंने लोगों से अरुणाचल प्रदेश के नायकों और स्वतंत्रता सेनानियों की विरासत का सम्मान करने का आग्रह किया और कहा कि उनकी देशभक्ति लोकतंत्र, न्याय, समानता, एकता और राष्ट्र सेवा के मूल्यों के लिए प्रेरित करती रहती है।
उन्होंने कहा कि देश 80वां स्वतंत्रता दिवस और 'वंदे मातरम्' की 150वीं वर्षगांठ मना रहा है। उन्होंने कहा कि इस अमर गीत ने स्वतंत्रता संग्राम के दौरान कई पीढ़ियों को प्रेरित किया और यह आज भी देशभक्ति, राष्ट्रीय गौरव और राष्ट्र के सामूहिक भविष्य का प्रतीक बना हुआ है।
राज्यपाल ने बुनियादी ढांचे, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा, उद्यमिता, पर्यटन, कृषि, बागवानी, जलविद्युत और कौशल विकास के क्षेत्रों में अरुणाचल प्रदेश की प्रगति का ज़िक्र किया। उन्होंने कहा कि युवाओं, महिलाओं, किसानों और स्वयं-सहायता समूहों के लिए शुरू की गई पहल से सीमावर्ती गांवों के केंद्रित विकास से नए अवसर पैदा हो रहे हैं और आत्मनिर्भरता मज़बूत हो रही है।
लोक भवन में शुरू की गयी पहलों का ज़िक्र करते हुए, श्री परनाइक ने प्रशासनिक सुधारों, खेल और फ़िटनेस को बढ़ावा देने, ऑर्गेनिक खेती की पहलों और 'एक भारत श्रेष्ठ भारत' के तहत स्कूली बच्चों को देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराने के प्रयासों का उल्लेख किया। इस समारोह में राजीव गांधी विश्वविद्यालय के छात्रों ने 'वंदे मातरम्' की भावपूर्ण प्रस्तुति दी। 'लेट्स स्पीक अरुणाचल' के गोलो अनिया ने भी स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर भाषण दिया और नागरिकों, खासकर युवाओं से एकता, सेवा और राष्ट्रीय ज़िम्मेदारी के मूल्यों को बनाए रखने का आग्रह किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित