ईटानगर , जुलाई 11 -- अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) के. टी. परनायक ने शनिवार को इस बात पर जोर दिया कि राज्य के हर गांव और दूर-दराज के इलाकों तक बैंकिंग सुविधाएं पहुंचनी चाहिए, ताकि लोग आसानी और आत्मविश्वास के साथ वित्तीय सेवाओं का लाभ उठा सकें।

राज्यपाल ने अरुणाचल प्रदेश ग्रामीण बैंक (एपीआरबी) के अध्यक्ष विकल शर्मा ने ईटानगर स्थित लोक भवन में उनसे शिष्टाचार मुलाकात के दौरान ये बातें तब कहीं।

बैठक में श्री शर्मा ने राज्यपाल को बैंक के कामकाज, विस्तार पहलों, वित्तीय समावेशन कार्यक्रमों तथा राज्य भर में प्रदान की जा रही बैंकिंग एवं बीमा सेवाओं के बारे में जानकारी दी।

समावेशी विकास और सामाजिक-आर्थिक प्रगति को बढ़ावा देने में अरुणाचल प्रदेश ग्रामीण बैंक की महत्वपूर्ण भूमिका पर बात करते हुए राज्यपाल ने बैंक को ऋण सुविधा, वित्तीय साक्षरता और उद्यमिता सहायता प्रदान करके उभरते उद्यमियों, स्टार्टअप्स, स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी), किसानों और ग्रामीण युवाओं पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी।

उन्होंने कहा कि समय पर वित्तीय सहायता और सही मार्गदर्शन नये विचारों को टिकाऊ उद्यमों में बदल सकता है, जिससे रोजगार के अवसर पैदा होंगे और एक आत्मनिर्भर तथा आर्थिक रूप से सशक्त अरुणाचल प्रदेश के सपने को बल मिलेगा।

राज्यपाल ने बैंक को सरकारी विभागों और अन्य विकास साझीदारों के साथ मिलकर काम करने के लिए भी प्रोत्साहित किया, ताकि कल्याणकारी योजनाओं, आजीविका पहलों और वित्तीय समावेशन कार्यक्रमों का लाभ वास्तविक लाभार्थियों तक प्रभावी ढंग से पहुंच सके। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि एपीआरबी राज्य भर में ज़मीनी स्तर पर विकास और आर्थिक सशक्तीकरण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहेगा।

श्री शर्मा ने राज्यपाल को अवगत कराया कि अरुणाचल प्रदेश ग्रामीण बैंक राज्य भर में अपनी 38 शाखाओं के नेटवर्क के जरिये व्यापक बैंकिंग सेवाएं प्रदान कर रहा है और अपने दायरे को लगातार बढ़ा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित