ईटानगर , जुलाई 11 -- अरुणाचल प्रदेश में सियांग ज़िले के बोलेंग में मादक पदार्थो के खिलाफ़ एक बड़े अभियान के दौरान, सियांग ज़िला पुलिस ने पश्चिम सियांग मादक पदार्थ निरोधक दल (एडीएस) के साथ मिलकर इंडियन रिज़र्व बटालियन (आईआरबीएन) के एक जवान समेत तीन लोगों को गिरफ़्तार किया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
यह अभियान गुरुवार रात सियांग के पुलिस अधीक्षक जेके लेगो की देखरेख और उपाधीक्षक वाई यांगी के सीधे मार्गदर्शन में चलाया गया। पुलिस दल की अगुवाई बोलेंग पुलिस स्टेशन के प्रभारी उप निरीक्षक टी पडुंग ने की। पुलिस को पुख्ता खुफिया जानकारी मिली थी कि संदिग्ध मादक पदार्थ तस्कर प्रतिबंधित सामान लेने के लिए आलो से बोलेंग जा रहे हैं। इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने रणनीतिक जगहों पर नाका जांच चौकियां बनायी और संदिग्धों को पकड़ा। तलाशी और ज़ब्ती की कार्रवाई वृत्ताधिकारी सह कार्यपालक मजिस्ट्रेट नियांग पर्टिन और स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में की गई। यह कार्रवाई स्वापक औषधि और मनः प्रभावी पदार्थ अधिनियम,(एनडीपीएस)1985 के नियमों के तहत की गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित