ईटानगर , मार्च 29 -- देवमाली वन प्रभाग ने हिमालयी काले भालू के एक महीने के बच्चे को तत्परता दिखाते हुए समन्वित प्रयास से बचा लिया है।
यह भालू का बच्चा अरुणाचल प्रदेश के तिरप जिले में देवमाली उप-प्रभाग के अंतर्गत बोरदुरिया गांव के एक खेत में आ गया था।
वन विभाग को 26 मार्च को वहां के स्थानीय निवासी पोनपोंग रुत्तुम और वांगहोन लेटे ने संकट में फंसे इस जानवर के बच्चे की सूचना दी। इसके बाद रेंज फॉरेस्ट ऑफिसर (आरएफओ) दिवांग लोवांग के नेतृत्व में बोरदुरिया वन रेंज की टीम मौके पर पहुंची और देवमाली वन प्रभाग के प्रभागीय वन अधिकारी (डीएफओ) की देखरेख में त्वरित बचाव अभियान चलाकर भालू के बच्चे को अपने कब्जे में ले लिया।
पर्यावरण और वन मंत्री वांगकी लोवांग ने भी ग्रामीणों की त्वरित प्रतिक्रिया की सराहना की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित