ईटानगर , मई 13 -- अरुणाचल प्रदेश राज्य परिवहन सेवा (एपीएसटीएस) ने बुधवार को राज्य भर में अपनी ऑनलाइन ई-टिकटिंग सेवाओं का विस्तार करने के लिए मेकमायट्रिप (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड की सहायक कंपनी 'रेडबस' के साथ एक समझौता पत्र (एमओयू) पर हस्ताक्षर किये ।
एमओयू पर हस्ताक्षर परिवहन मंत्री ओजिंग तासिंग की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। इसमें परिवहन आयुक्त सौगत बिस्वास और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
इस समझौते पर राज्य परिवहन सेवा के महाप्रबंधक मितो दिरची और रेडबस के निदेशक (आपूर्ति) राजर्षि भौमिक ने हस्ताक्षर किए।
इस साझेदारी के प्रभावी होने के साथ ही रेडबस-मेकमायट्रिप अब एपीएसटीएस के आधिकारिक ऑनलाइन बस टिकटिंग पार्टनर के रूप में कार्य करेंगे। यह सहयोग एपीएसटीएस के टिकटिंग इन्वेंट्री को एक समर्पित सॉफ्टवेयर प्लेटफॉर्म के साथ एकीकृत करेगा। इसे विशेष रूप से परिवहन विभाग के लिए तैयार किया गया है, ताकि राज्य परिवहन सेवाओं तक निर्बाध पहुंच सुनिश्चित हो सके।
यह ऑनलाइन टिकटिंग प्लेटफॉर्म अगले महीने से शुरू होने की उम्मीद है और इसे मोबाइल फोन, पर्सनल कंप्यूटर, बुकिंग काउंटर और बस कंडक्टरों के माध्यम से एक्सेस किया जा सकेगा। यात्री अब मेकमायट्रिप और उसके सहयोगी प्लेटफॉर्म जैसे गोआईबीबो, गूगल पे, अमेजन पे और आईआरसीटीसी के माध्यम से भी एपीएसटीएस के टिकट बुक कर सकेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित