भुवनेश्वर , मई 09 -- ओडिशा में बीजू जनता दल (बीजद ) ने शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि हिंसक अपराधों में हालिया बढ़ोतरी के बीच राज्य अराजकता की ओर बढ़ रहा है।
बीजद की वरिष्ठ महासचिव लेखाश्री सामंतसिंहार ने यहां संवाददाता सम्मेलन में दावा किया कि ओडिशा में मौजूदा कानून-व्यवस्था की स्थिति काफी बिगड़ गई है तथा हिंसा में बढ़ोतरी के मामले में इसने उत्तर प्रदेश और बिहार जैसे राज्यों को भी पीछे छोड़ दिया है। पिछले 10 दिनों में हत्या, दुष्कर्म और हत्या के प्रयास जैसी घटनाओं की एक श्रृंखला ने जनता के बीच डर पैदा कर दिया है और यह धारणा बना दी है कि राज्य में कानून का राज कमजोर हो गया है।
सुश्री सामंतसिंहार ने हाल के कई मामलों का हवाला दिया, जिनमें ढेंकानाल में एक दलित महिला के साथ कथित दुष्कर्म और हत्या का प्रयास, हिंजिली में एक गर्भवती महिला की उसकी तीन साल की पुत्री के सामने हत्या, कनास में दिन-दहाड़े एक युवक की हत्या का प्रयास, और बालियांटा में शासकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) कांस्टेबल सौम्य स्वाइन की हत्या शामिल है। उन्होंने शुक्रवार को बालियांटा में हुई एक और हत्या का भी जिक्र किया, जहां कथित तौर पर 20,000 रुपये के विवाद को लेकर एक युवक की पत्थर मारकर हत्या कर दी गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस इन मामलों में मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार करने में विफल रही है।
बीजद नेता के अनुसार, ऐसे अपराधों पर अंकुश लगाने में असमर्थता यह संकेत देती है कि अपराधी राजनीतिक संरक्षण में काम कर रहे हैं। उन्होंने आगे आरोप लगाया कि ओडिशा, जिसे कभी भारत के सबसे शांतिपूर्ण राज्यों में से एक माना जाता था, भाजपा के सत्ता में आने के बाद से सार्वजनिक सुरक्षा में गिरावट का गवाह बना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित