तेहरान , जुलाई 10 -- अमेरिका के साथ इस सप्ताह हुए भारी सैन्य टकराव के बाद ईरान ने तनाव को शांत करने और खुद को कूटनीतिक रूप से मजबूत करने के लिए बड़े पैमाने पर राजनयिक प्रयास शुरू कर दिए हैं। इसी सिलसिले में ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने गुरुवार को पश्चिमी एशिया और पड़ोसी देशों के शीर्ष नेताओं व मंत्रियों से फोन पर बात की।
यह बातचीत अमेरिका और ईरानी बलों के बीच पिछले कई दिनों से जारी सैन्य टकराव के बाद हुई है। इस टकराव की शुरुआत कथित तौर पर होर्मुज जलडमरूमध्य में वाणिज्यिक जहाजों पर ईरान की नौसेना द्वारा किए गए हमलों के बाद हुई थी। गुरुवार से हालांकि दोनों ओर से हमलों में कमी हो गयी है।
क्षेत्रीय समीकरणों को साधने के लिए श्रीअराघची ने ओमान के विदेश मंत्री बद्र अल्बुसैदी और तुर्की के विदेश मंत्री हाकान फिदान से अलग-अलग बातचीत की। इस दौरान सभी नेताओं ने सहमति जताई कि पश्चिम एशिया में स्थिरता के लिए बातचीत का रास्ता खुला रखना बेहद जरूरी है, ताकि होर्मुज जैसे महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग में तनाव को और बढ़ने से रोका जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित