अरवल , फरवरी 09 -- बिहार में अरवल जिले के तेलपा थाना क्षेत्र में अपराधियों ने सोमवार को एक ठेकेदार की गोली मार कर हत्या कर दी।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि अंधराचक गांव में अपराधियों ने भवन निर्माण ठेकेदार संजय पंडित (45) की गोली मार कर हत्या कर दी।मृतक संजय पंडित महावीरगंज गांव का स्थाई निवासी था। वर्तमान में वह देवकुंड में मकान बनाकर रह रहा था। इसके अलावा अंधराचक गांव में भी उसका मकान था, जहां वह पहले पॉल्ट्री फार्म का व्यवसाय किया करता था। अभी वह ग्रामीण क्षेत्रों में निजी भवन निर्माण का ठेका लेने का काम किया करता था।
सूत्रों ने बताया कि आज सुबह संजय पंडित अपने अंधराचक स्थित मकान में पहुंचकर सफाई कर रहा था। इस दौरान एक ऑटो रिक्शा और बाइक पर सवार होकर अपराधी वहां पहुंचे। इसके बाद अपराधियों ने संजय पंडित को घर से बाहर बुलाया और गोली मार कर उसकी हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। अनुसंधान के क्रम में पुलिस को घटनास्थल से दो खाली खोखा मिला है। विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिये भेज दिया गया है। मामले की छान बीन की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित