नयी दिल्ली , अप्रैल 19 -- चाहे आईपीएल 2025 हो या अब तक का आईपीएल 2026, श्रेयस अय्यर इस समय "अपने सर्वश्रेष्ठ ज़ोन" में हैं और यह उनकी फॉर्म और पंजाब किंग्स के नतीज़ों में स्पष्ट दिख रहा है। आर अश्विन ने सुझाव दिया है कि अय्यर को भारत की टी20 टीम में होना चाहिए, चाहे यह स्पष्ट ना हो कि वह किसकी जगह लेंगे।
अश्विन ने ईएसपीएन क्रिकइंफो के टाइम आउट कार्यक्रम में कहा, "मैं सिर्फ़ बनाए गए रनों या छक्कों-चौकों को नहीं देख रहा हूं, बल्कि मैदान पर उनकी मौज़ूदगी का प्रभाव देख रहा हूं। जब श्रेयस अय्यर गार्ड मार्क करते हैं, तो लगता है कि वह एक ऐसे ज़ोन में हैं, जो किसी क्रिकेटर के करियर में सिर्फ़ एक या दो ही साल के लिए आता है और तब ऐसा लगता है कि आप कोई ग़लती नहीं कर रहे।
"और यह इसलिए होता है क्योंकि आप ज़ोन में होते हैं। सब कुछ सही चल रहा होता है, मसलन कि आप क्या खा रहे हैं, कब सो रहे हैं, कैसे अभ्यास कर रहे हैं। नेट्स में जो गेंद खेलते हैं, वही मैच में भी आपको मिलती है।" अय्यर ने अपनी पिछली तीन पारियों में 50, नाबाद 69 और 66 बनाए हैं और इस समय आईपीएल 2026 में उनका स्ट्राइक रेट 187.96 है।
अश्विन ने कहा, "क्रीज़ पर उनकी मौज़ूदगी ही गेंदबाजों के लिए कई तरह से डर पैदा कर रही है। ख़ुद को बेहतर बनाने की उनकी भूख शानदार है। मैंने काफ़ी समय तक क्रिकेट खेला है और कई खिलाड़ियों से मिला हूं। बहुत कम खिलाड़ियों में यह इच्छा होती है कि वे अपनी ताक़त छोड़कर अपनी कमज़ोरियों पर काम करें। आपने कई करियर देखे होंगे, जहां खिलाड़ियों ने अपनी कमज़ोरियों पर बिल्कुल भी काम नहीं किया है।
"लेकिन अपने कमज़ोरियों पर काम करने का सफ़र ही अच्छे से महान बनने का होता है। मुझे लगता है कि श्रेयस ने अच्छे से महान बनने की यात्रा शुरू कर दी है। मैं यह नहीं कह रहा कि वह महान हैं, बल्कि यह एक यात्रा है। कहा जाता था कि वह शॉर्ट बॉल नहीं खेल सकते। उन्होंने कहा, ''ठीक है, मैं टेस्ट मैच में पुल खेलकर आउट हो जाऊंगा, लेकिन चुनौती से पीछे नहीं हटूंगा।'' जसप्रीत बुमराह की गेंद को मिडविकेट के सामने पुल करके छक्का मारना, यह कई खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक है।
"इस समय अगर उन्हें बड़े मौक़े नहीं मिलते, तो यह उनका नुक़सान नहीं है। यह हमारा नुक़सान है कि हम उन्हें भारतीय टीम के लिए वही करते नहीं देख पा रहे, जो वह अपने राज्य या फ़्रैंचाइज़ी के लिए कर रहे हैं।और फिर वह तेज़ गेंदबाज़ों को सीधा डाउन द ग्राउंड मार रहे हैं। वह हमेशा से ऐसा करने में अच्छे रहे हैं। लेकिन अब क्यों कर रहे हैं? क्योंकि गेंदबाज अब उन्हें शॉर्ट गेंद नहीं डाल रहे। उन्हें पता है कि वह उसे मार देंगे। और यह शानदार है।"अश्विन का मानना है कि बल्लेबाज़ी की यह फ़ॉर्म उनकी कप्तानी में भी झलक रही है। पंजाब किंग्स, IPL 2025 के फाइनल तक पहुंची थी और आईपीएल 2026 के भी पांच मैचों में चार जीत और एक रद्द मैच के साथ इस समय वह अंक तालिका में शीर्ष पर है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित