पटना , सितंबर 29 -- बिहार के कला एवं संस्कृति मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने कहा है कि अयोध्या में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय प्रदर्शनी 'राम और रामायण : देश से परदेश तक' के लिए मिथिला चित्रकला संस्थान, सौराठ (मधुबनी) के विद्यार्थियों की आठ व्यक्तिगत कलाकृतियों का चयन होना बिहार की समृद्ध कला एवं सांस्कृतिक विरासत के लिए गौरव का विषय है।

डॉ. कुमार ने मंगलवार को चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर मिथिला चित्रकला के विद्यार्थियों की यह उपलब्धि बिहार की कला प्रतिभा को नई पहचान दिलाएगी। राज्य सरकार प्रतिभाशाली कलाकारों एवं विद्यार्थियों को निरंतर प्रोत्साहित कर रही है, जिससे बिहार की कला एवं संस्कृति को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर नई पहचान मिल सके।

मंत्री ने बताया कि संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार एवं राष्ट्रीय अभिलेखागार, नई दिल्ली के तत्वावधान में 13 अक्टूबर को अयोध्या में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय प्रदर्शनी के लिए राष्ट्रीय स्तर पर चयनित 15 व्यक्तिगत कलाकृतियों में मिथिला चित्रकला संस्थान की आठ कलाकृतियां शामिल हैं। इसमें निशा चौरसिया ने द्वितीय तथा दुर्गेश कुमार मंडल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया है। वहीं शुभम प्रिया, रिया कुमारी, चंदा कुमारी, मुस्कान कुमारी, पूर्णिमा एवं पिंटू कुमार को सांत्वना पुरस्कार मिला है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित