अयोध्या , जून 29 -- उत्तर प्रदेश में अयोध्या के राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में गिरफ्तार आठ आरोपियों को फिर से 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
इन सभी को सोमवार को मंडलीय कारागार से वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से विशेष अदालत (भ्रष्टाचार रोधी ) के अतिरिक्त जिला न्यायाधीश-5 (एडीजे-5) रजत वर्मा की अदालत में पेश किया गया, जहां से इन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। अब इस मामले की अगली सुनवाई 13 जुलाई को निर्धारित की गयी है।
इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों में रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू ,अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा, मनीष कुमार यादव, अविनाश शुक्ला, करुणेश पांडेय, रमाशंकर मिश्रा, सुभाष चंद्र श्रीवास्तव शामिल हैं।
विशेष लोक अभियोजक (एसपीओ) संजय दूबे ने बताया कि सभी आरोपियों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये न्यायालय में पेश किया गया। सुनवाई के दौरान पुलिस की ओर से किसी भी आरोपी के लिए हिरासत की मांग नहीं की गयी। इसके बाद अदालत ने सभी आरोपियों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। इससे पहले 26 जून को गिरफ्तार करने के बाद आरोपियों को अदालत में में पेश किया गया था, जहां से इन्हें 29 जून तक न्यायिक हिरासत में भेजा गया था।
जिला प्रशासन को सूचना मिली थी कि अगर आरोपियों को जेल से अदालत में लाकर पेश कराया गया तो अधिवक्ताओं का समूह विरोध कर सकता है। इसके बाद जिला प्रशासन ने जेल परिसर से ही वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से आरोपियों को अदालत में पेश किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित