बागपत , मार्च 19 -- उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के खेकड़ा कस्बे के पंडित पंकज कौशिक ने अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर में आयोजित श्रीराम यंत्र स्थापना अनुष्ठान में प्रमुख भूमिका निभाई।

चैत्र नवरात्र और भारतीय नववर्ष के अवसर पर गुरुवार को आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच लगभग 150 किलोग्राम वजनी श्रीराम यंत्र की विधिवत स्थापना की गई। अनुष्ठान के दौरान पंडित पंकज कौशिक ने वैदिक विधि-विधान के अनुसार पूजा संपन्न कराई। उन्होंने बताया कि यंत्र स्थापना शुभ अभिजीत मुहूर्त में की गई और सनातन परंपरा में यंत्रों का विशेष महत्व होता है। श्रीराम यंत्र को भगवान राम की दिव्य शक्ति का प्रतीक माना जाता है।

इस आयोजन में राष्ट्रपति द्वारा पूजा-अर्चना के साथ यंत्र स्थापना सम्पन्न कराए जाने के बाद क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। खेकड़ा कस्बे के लोगों ने इसे गौरव का विषय बताया और पंडित कौशिक की भूमिका पर खुशी जताई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित