संतकबीरनगर , अगस्त 11 -- उत्तर प्रदेश में संतकबीरनगर जिले के दुधारा थाना अंतर्गत सेमरियावां ब्लॉक के करही गांव से कांवड़ यात्रा पर निकले दिनेश कुमार (23) की बस्ती जिले के हरैया क्षेत्र में सड़क हादसे में मौत हो गई।
अयोध्या जा रहे दिनेश की बाइक सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई। हादसे में दिनेश और उसका साथी जितेंद्र शर्मा (21) गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान दिनेश ने गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में दम तोड़ दिया, जबकि जितेंद्र का मेडिकल कॉलेज कैली में उपचार चल रहा है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार सोमवार की रात करही गांव से दर्जनों कांवड़ियों का जत्था अयोध्या के लिए रवाना हुआ था। दिनेश कुमार और जितेंद्र शर्मा भी बाइक से जत्थे के साथ जा रहे थे। दोनों बस्ती जिले के हरैया क्षेत्र में पहुंचे ही थे कि सामने से तेज रफ्तार में आ रही बाइक से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज कैली बस्ती रेफर कर दिया गया। दिनेश की हालत लगातार नाजुक बनी रही, जिसके चलते चिकित्सकों ने उसे आगे के उपचार के लिए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं, जितेंद्र शर्मा का कैली मेडिकल कॉलेज में उपचार जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित