अम्बेडकरनगर , जनवरी 30 -- उत्तर प्रदेश के अम्बेडकरनगर जिले में यूपी बोर्ड परीक्षा में अधिक अंक अर्जित करने के उद्देश्य से कौमी एकता इंटर कॉलेज में 'परीक्षा पर चर्चा' संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें जिलाधिकारी अनुपम शुक्ल एवं पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर शंकर ने छात्र-छात्राओं को परीक्षा की तैयारी के महत्वपूर्ण टिप्स दिए।

जिलाधिकारी अनुपम शुक्ल ने कहा कि परीक्षार्थी नियमित रूप से लिखने का अभ्यास अवश्य करें, अन्यथा परीक्षा में प्रश्न छूट सकते हैं। उन्होंने पिछले दस वर्षों के प्रश्नपत्रों का अध्ययन करने तथा सभी फार्मूलों को एक साथ लिखकर बार-बार दोहराने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि परीक्षा में अब लगभग 20 दिन शेष हैं, ऐसे में प्रतिदिन 10 घंटे की पढ़ाई के हिसाब से करीब 200 घंटे का समय बचा है। इस अवधि में कम से कम 20 घंटे उत्तर लेखन का अभ्यास जरूर करें।

पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर शंकर ने छात्रों को कमजोर विषयों पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी। उन्होंने 25 मिनट अध्ययन और 5 मिनट विश्राम के फार्मूले को अपनाने की बात कही। साथ ही सप्ताह में एक बार पूरे पाठ्यक्रम का पुनरावलोकन करने पर जोर दिया, ताकि पढ़ी हुई सामग्री लंबे समय तक याद रह सके। उन्होंने 18 फरवरी से शुरू हो रही यूपी बोर्ड परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन के लिए निरंतर मेहनत करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में जिला विद्यालय निरीक्षक, भाजपा जिलाध्यक्ष त्रयम्बक तिवारी, कौमी इंटर कॉलेज टांडा के प्रबंधक सहित विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य एवं शिक्षक उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित