अम्बिकापुर , अप्रैल 17 -- ) छत्तीसगढ़ में आधारभूत संरचना और पर्यटन विकास को गति देने को लेकर सरकार ने अम्बिकापुर क्षेत्र में दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं की शुरुआत की है।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने शुक्रवार को सात करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले पुल तथा मैनपाट क्षेत्र में पर्यटन सुविधाओं के विस्तार के शेड निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया।

अम्बिकापुर विधानसभा क्षेत्र के बड़गांवद-पनगोती मार्ग पर भालू नाला में लगभग 120 मीटर लंबे पुल और 362 मीटर पहुँच मार्ग के निर्माण से क्षेत्र में सम्पर्क में बड़ा सुधार होगा। अब तक बारिश के दौरान बाधित रहने वाला यह मार्ग पुल बनने के बाद सुगम और सुरक्षित रहेगा, जिससे बड़गांव, पनगोती सहित आसपास के गांवों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। इससे स्थानीय व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच भी बेहतर होगी।

इसी क्रम में मैनपाट के मतरिंगा (सितकालो) क्षेत्र में रिहंद नदी के उद्गम स्थल पर पर्यटकों के लिए शेड निर्माण कार्य का भी भूमिपूजन किया गया। यह क्षेत्र अपनी प्राकृतिक सुंदरता और धार्मिक महत्व के कारण पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत संभावनाशील माना जाता है। प्रस्तावित निर्माण से यहां आने वाले पर्यटकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी और क्षेत्र की लोकप्रियता में वृद्धि होगी।

श्री अग्रवाल ने कहा कि विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के संतुलित विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सड़क, पुल और पर्यटन जैसी आधारभूत सुविधाओं के विस्तार से न केवल कनेक्टिविटी मजबूत होती है, बल्कि रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित