अम्बिकापुर, मई 12 -- छत्तीसगढ़ में सरगुजा पुलिस की साइबर सेल टीम ने झारखंड से छत्तीसगढ़ के अम्बिकापुर की यात्रा कर रहे एक यात्री का कीमती सामान और नकदी से भरा हैंड बैग बस में छूट जाने की घटना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मात्र एक घंटे के भीतर बैग बरामद कर प्रार्थी को सुरक्षित लौटा दिया।
पुलिस से मंगलवार को प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी श्रवण सिंह, निवासी कजरी थाना पड़वा मोड़, जिला पलामू (झारखंड), अपनी पत्नी के साथ गढ़वा रोड से अम्बिकापुर बस से यात्रा कर रहे थे। अम्बिकापुर पहुंचने पर वे अपने परिवार के साथ बस से उतर गए, लेकिन कुछ समय बाद उन्हें पता चला कि उनकी पत्नी का लेडीज हैंड बैग बस में ही छूट गया है। बैग में सोने के आभूषण, नगदी राशि एवं मोबाइल फोन रखा हुआ था।
घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी साइबर सेल, अम्बिकापुर सहायक उप निरीक्षक अजीत कुमार मिश्रा के नेतृत्व में साइबर सेल टीम ने तत्परता दिखाते हुए संबंधित बस का पता लगाया और उसे मार्ग में रोककर जांच की। जांच के दौरान प्रार्थी का बैग बस में सुरक्षित पाया गया।
इसके पश्चात साइबर सेल टीम के प्रधान आरक्षक भोजराज पासवान एवं आरक्षक राहुल केरकेट्टा द्वारा बैग को सुरक्षित रूप से प्रार्थी को सुपुर्द किया गया। बैग में सोने का मंगलसूत्र, चैन, कान की बाली, नगदी 10,000 रुपये एवं मोबाइल फोन सुरक्षित पाए गए।
प्रार्थी ने सरगुजा पुलिस एवं साइबर सेल टीम की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित