अम्बिकापुर , मई 09 -- छत्तीसगढ़ में अम्बिकापुर जिले के धौरपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को पहाड़ी किनारे युवक-युवती का कंकाल मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। दोनों वर्ष 2023 से लापता बताए जा रहे हैं। कंकाल मिट्टी में दबा हुआ मिला है, जिससे किसी अनहोनी की आशंका जताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार धौरपुर क्षेत्र के पहाड़ी इलाके में ग्रामीणों ने मिट्टी में दबा मानव कंकाल देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की तो वहां युवक और युवती के अवशेष मिलने की पुष्टि हुई। प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि दोनों की मौत जंगली जानवरों के शिकार के लिए बिछाए गए करंट की चपेट में आने से हुई हो सकती है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि वर्ष 2023 में युवती के परिजनों ने धौरपुर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
फिलहाल पुलिस ने कंकाल को कब्जे में लेकर पहचान और मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि के लिए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित