अम्बिकापुर , मई 15 -- छत्तीसगढ़ के अम्बिकापुर में कांग्रेस के जिला कार्यालय राजीव भवन में चोरी का एक अजीबोगरीब मामला आज सामने आया है। शहर के घड़ी चौक स्थित कांग्रेस कार्यालय के महिला और पुरुष शौचालयों से 73 से अधिक नलों की टोटियां चोरी कर ली गईं। चोरी गए सामान की कीमत करीब 80 हजार से एक लाख रुपये के बीच बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार राजीव भवन की तीनों मंजिलों में बने शौचालयों को निशाना बनाते हुए चोरों ने एक-एक कर नलों की टोटियां निकाल लीं। घटना के बाद भवन की ऊपरी मंजिल पर अंग्रेजी में ''आई लव अम्बिकापुर'' लिखने के साथ आपत्तिजनक शब्द भी लिखे गए हैं।

मामले की शिकायत छत्तीसगढ़ पुलिस के कोतवाली थाने में दर्ज कराई गई है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि राजीव भवन में चोरी की यह तीसरी घटना है, जिससे शहर की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा के अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने घटना की निंदा करते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित