अम्बिकापुर , अप्रैल 21 -- छत्तीसगढ़ के अम्बिकापुर-कटघोरा राष्ट्रीय राजमार्ग-130 को फोरलेन में अपग्रेड करने की परियोजना में महत्वपूर्ण बदलाव करते हुए लखनपुर में बायपास निर्माण तथा लेमरू हाथी प्रोजेक्ट क्षेत्र में वन्यजीव अनुकूल सड़क विकसित करने का निर्णय लिया गया है।
यह निर्णय पूर्व उपमुख्यमंत्री टी. एस. सिंहदेव द्वारा केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को भेजे गए सुझाव पत्र के बाद लिया गया है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, अम्बिकापुर से कटघोरा के मध्य राष्ट्रीय राजमार्ग-130 को फोरलेन में परिवर्तित करने की स्वीकृति पहले ही मिल चुकी है और वर्तमान में इसकी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) पर कार्य जारी है। यह मार्ग सरगुजा, सूरजपुर और कोरबा जिलों से गुजरते हुए लेमरू हाथी प्रोजेक्ट क्षेत्र को प्रभावित करता है।
श्री सिंहदेव ने अपने पत्र में दो प्रमुख सुझाव दिए थे। पहला, लखनपुर नगर पंचायत क्षेत्र में यातायात के दबाव को कम करने के लिए बायपास निर्माण। दूसरा, लेमरू हाथी रिजर्व क्षेत्र में सड़क निर्माण को पर्यावरण के अनुकूल बनाते हुए वन्यजीव संरक्षण के उपाय सुनिश्चित करना।
उन्होंने विशेष रूप से भारतमाला परियोजना के मानकों के अनुरूप एनिमल बैरिकेडिंग और पर्याप्त संख्या में अंडरपास निर्माण की सिफारिश की थी, जिससे वन्यजीवों की आवाजाही सुरक्षित रह सके।
राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग ने इन सुझावों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए 20 अप्रैल को डीपीआर तैयार कर रही सलाहकार संस्था को आवश्यक संशोधन करने के निर्देश जारी किए हैं।
उन्होंने इस पहल के लिए केंद्रीय मंत्री गडकरी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय क्षेत्रीय विकास के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित