अम्बिकापुर , अप्रैल 25 -- छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर शहर के मध्य स्थित मुकेश प्लास्टिक एवं पटाखा दुकान में बीते 23 अप्रैल को हुई भीषण आगजनी की घटना को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने प्रभावितों को मुआवजा देने और संबंधित संस्थान के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की आज मांग उठाई है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को कलेक्टर सरगुजा को ज्ञापन सौंपकर 23 अप्रैल को सघन रिहायशी क्षेत्र में हुई आगजनी की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की। ज्ञापन में कहा गया है कि संकरी गली में स्थित उक्त संस्थान में भारी मात्रा में पटाखों और प्लास्टिक सामग्री का अवैध भंडारण किया गया था, जिससे आग ने विकराल रूप ले लिया। इस घटना में न केवल दुकान पूरी तरह नष्ट हो गई, बल्कि आसपास के कई आवासीय और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को भी भारी नुकसान हुआ।
कांग्रेस ने मांग की है कि संस्थान संचालकों के खिलाफ तत्काल आपराधिक प्रकरण दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी की जाए। साथ ही शहर में ऐसे अन्य खतरनाक भंडारण स्थलों की पहचान कर उन्हें आबादी से बाहर स्थानांतरित किया जाए।
ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि विशेषज्ञों की टीम गठित कर प्रभावित परिवारों के नुकसान का आकलन किया जाए और तय समयसीमा के भीतर मुआवजा दोषी संस्थान संचालकों से दिलाया जाए।
इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने मंत्री राजेश अग्रवाल के बयान पर आपत्ति जताते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों को जनता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए, न कि किसी दोषी व्यवसायी का पक्ष लेना चाहिए।
ज्ञापन सौंपने वालों में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह धंजल, विनित विशाल जायसवाल, जमील खान, आशीष वर्मा, चंद्रप्रकाश सिंह, अमित सिंह, दिनेश शर्मा और परवेज आलम गांधी सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल थे।
कांग्रेस ने शहर की बढ़ती आबादी और संकरी गलियों को ध्यान में रखते हुए दमकल विभाग को आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराने की मांग भी की है। इसमें अग्निरोधी उपकरण, पर्याप्त वाहन, पानी भरने के स्थायी प्वाइंट तथा कर्मचारियों के नियमितीकरण और सेवा शर्तों में सुधार शामिल हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित