चंडीगढ़ , अगस्त 05 -- हरियाणा के श्रम एवं परिवहन मंत्री अनिल विज ने कहा कि उप-श्रम आयुक्त कार्यालय को पंचकूला से स्थानांतरित कर अम्बाला छावनी लाया गया है, जिससे आसपास के छह-सात जिलों के श्रमिकों और उद्योग संचालकों को बड़ी सुविधा मिलेगी। उन्होंने बताया कि कार्यालय के संचालन के लिए नगर परिषद, अम्बाला सदर में दो कमरे लिए गए हैं और इस सप्ताह या अगले सप्ताह इसका उद्घाटन किया जाएगा। साथ ही, कार्यालय के लिए स्थायी भवन भी विकसित किया जाएगा।
श्री विज ने बुधवार को बताया कि अम्बाला छावनी के शाहपुर में 13 एकड़ भूमि पर अत्याधुनिक ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल (आईडीटीआर) स्थापित किया जा रहा है। इसके लिए अशोक लेलैंड के साथ समझौता ज्ञापन किया गया है। संस्थान में विभिन्न श्रेणियों के ड्राइविंग प्रमाणपत्रों के अनुरूप प्रशिक्षण दिया जाएगा। परिसर में छात्रावास, मैस और योग हॉल जैसी सुविधाएं भी होंगी। यहां हर वर्ष करीब दो हजार नए ड्राइविंग लाइसेंस तथा लगभग 20 हजार लाइसेंसों के नवीनीकरण की सुविधा उपलब्ध होगी।
उन्होंने बताया कि ईएसआई नर्सों को भी नर्सिंग ऑफिसर का रैंक दिया जा रहा है। साथ ही कहा कि स्वतंत्रता दिवस से पहले हर घर तिरंगा तिरंगा यात्रा और अन्य कार्यक्रमों के माध्यम से राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान में अभियान चलाया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित