अम्बाला , मई 17 -- हरियाणा के अम्बाला छावनी में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए अन्य क्षेत्रों में भी स्ट्रॉम वॉटर ड्रेनेज पाइप लाइन डाली जाएगी।

ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने रविवार को बताया कि इस परियोजना के लिए 58 करोड़ रुपए मंजूर हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि जहां टांगरी नदी छावनी में प्रवेश करती है, वहां टांगरी तक ड्रेन खुदवाकर 700 क्यूसिक पानी सीधे नदी में छोड़ा गया है, जिससे बारिश का पानी शहर में आने से पहले ही टांगरी में चला जाता है। इसके अलावा गुडगुडिया नाले को पक्का करवाया गया है, जिससे अब मशीनों के जरिए सफाई संभव हो सकी है।

श्री विज ने बताया कि अम्बाला सदर क्षेत्र में पहले ही स्ट्रॉम वॉटर ड्रेनेज पाइप लाइन डलवाई जा चुकी है। अब छावनी के बाकी इलाकों में भी यह सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि महेशनगर ड्रेन को पक्का कराने के लिए 24 करोड़ रुपए की योजना मंजूर करवाई गई थी, जिसके तहत अधिकांश कार्य पूरा हो चुका है और कुछ हिस्सा अभी बाकी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित