सीहोर , जून 04 -- मध्यप्रदेश में सीहोर जिले के दोराहा थाना क्षेत्र में सोनाकच्छ टोल प्लाजा के पास अमोनिया गैस से भरे एक टैंकर में रिसाव होने से हड़कंप मच गया। पुलिस, एनडीआरएफ और फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई से संभावित बड़ा हादसा टल गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार कोटा से नागपुर जा रहे अमोनिया गैस से भरे टैंकर में गुरुवार को अचानक रिसाव शुरू हो गया। सूचना मिलते ही दोराहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और टैंकर को टोल प्लाजा के समीप सुरक्षित स्थान पर रुकवाकर क्षेत्र की घेराबंदी कर दी।
किसी भी संभावित खतरे को देखते हुए आसपास के लोगों को सुरक्षित दूरी पर रहने की सलाह दी गई तथा राष्ट्रीय राजमार्ग पर निगरानी बढ़ा दी गई। अमोनिया गैस के रिसाव की गंभीरता को देखते हुए एनडीआरएफ और फायर ब्रिगेड की विशेष टीमों को भी मौके पर बुलाया गया।
सुरक्षा उपकरणों से लैस विशेषज्ञों ने रिसाव की जांच शुरू कर गैस के फैलाव को रोकने के लिए तकनीकी उपाय किए। राहत की बात यह रही कि गैस आबादी वाले क्षेत्र तक नहीं पहुंची। अनुविभागीय पुलिस अधिकारी पूजा शर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही सभी संबंधित एजेंसियों ने समन्वित कार्रवाई शुरू कर दी थी। उन्होंने कहा कि स्थिति नियंत्रण में है और रिसाव को पूरी तरह बंद करने के प्रयास किए गए। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की।
अधिकारियों ने बताया कि अमोनिया गैस के अधिक संपर्क में आने से सांस लेने में परेशानी, आंखों में जलन तथा अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं हो सकती हैं। प्रशासन और राहत एजेंसियों की तत्परता से किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित