नयी दिल्ली , मई 24 -- अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने रविवार को यहां विदेश मंत्री एस जयशंकर के साथ एक संयुक्त पत्रकार वार्ता में ईरान के साथ जारी राजनयिक प्रयासों में सार्थक प्रगति के संकेत दिये हैं। उन्होंने यह भी कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प आज देर रात इस समझौते को लेकर कोई बड़ी घोषणा कर सकते हैं।
श्री रुबियो ने कहा, "ईरान की स्थिति पर मुझे लगता है कि आज कुछ देर बाद शायद और रिपोर्टें सामने आएंगी। आगे की घोषणाओं का जिम्मा मैं राष्ट्रपति पर छोड़ता हूँ।"श्री रुबियो ने कहा, "हमें लगता है कि दोनों देशों के बीच चल रही बातचीत में एक ऐसे प्रारूप पर बात आगे बढ़ी है, जो अगर काम कर गया तो इसके सकारात्मक नतीजे आ सकते हैं।" उन्होंने यह भी कहा , "यह कहना काफी होगा कि कुछ महत्वपूर्ण प्रगति हुई है, हालांकि यह अंतिम नहीं है।"उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी समझौते के लिए ईरान की ओर से पूर्ण स्वीकृति और फिर उसका कड़ाई से अनुपालन करना आवश्यक होगा।
अमेरिकी विदेश मंत्री ने कहा कि यह समझौता हॉर्मुज जलडमरूमध्य पर अमेरिकी चिंताओं का समाधान करेगा, जिसे ईरान ने काफी हद तक अवरुद्ध कर रखा है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि हॉर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर कोई भी कामयाबी प्रस्तावित प्रारूप को ईरान के स्वीकार करने और उसके पालन करने पर ही निर्भर करेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित