अलाप्पुझा (केरल) , अगस्त 08 -- अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दामाद और प्रमुख अंतरराष्ट्रीय व्यवसायी माइकल बॉलोस आठ सदस्यीय टीम के साथ शनिवार को निजी यात्रा पर अलप्पुझा पहुंचे।

श्री ट्रंप की बेटी टिफनी ट्रंप के पति बॉलोस शनिवार सुबह चार्टर्ड विमान से कोच्चि पहुंचे और वहां से अलप्पुझा के लिए रवाना हुए। सूत्रों के अनुसार, अमेरिकी वाणिज्य दूतावास अधिकारी भी उनके साथ थे।

उनकी इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य अलाप्पुझा की प्राकृतिक सुंदरता और यहां के प्रसिद्ध बैकवाटर्स का आनंद लेना है। बॉलोस और उनकी टीम ने हाउसबोट की सवारी की। इसके अलावा, नेहरू ट्रॉफी बोट रेस की तैयारियों के तहत की जा रही 'चुंडन वल्लम' (स्नेक बोट) की नौकायन प्रैक्टिस देखने का भी उनका कार्यक्रम है।

शाम को जिले से रवाना होने से पहले बॉलोस और उनकी टीम का अलप्पुझा व आसपास के कुछ प्रमुख पर्यटक स्थलों का दौरा करने का भी कार्यक्रम है।

राज्य सरकार को बॉलोस की इस यात्रा के बारे में पहले ही सूचित कर दिया गया था। सुरक्षा कारणों से उनके यात्रा कार्यक्रम का विवरण सार्वजनिक नहीं किया गया है।

अलप्पुझा में बॉलोस का यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है, जब जिला केरल के सबसे प्रमुख पारंपरिक खेल एवं पर्यटन आयोजनों में से एक 'नेहरू ट्रॉफी बोट रेस' की तैयारियों में जुटा है और स्नेक बोट टीमों ने अपना अभ्यास तेज़ कर दिया है।

इस बीच केरल के मुख्यमंत्री वीडी सतीशन ने शनिवार को भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गौर के साथ कोच्चि में उच्च स्तरीय बैठक की, जिसमें केरल-अमेरिका के बीच सहयोग मजबूत करने के रणनीतिक अवसरों पर चर्चा की गयी।

राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में हुई इस बैठक में दीर्घकालिक द्विपक्षीय विकास की संभावनाओं वाले क्षेत्रों जैसे शिक्षा एवं नवाचार, पर्यटन व संस्कृति, समुद्री लॉजिस्टिक्स एवं बंदरगाह और निवेश प्रोत्साहन पर ध्यान केंद्रित किया गया।

शिक्षा और नवाचार पर हुई चर्चा केरल-अमेरिका के संस्थानों के बीच संयुक्त अनुसंधान कार्यक्रमों, विश्वविद्यालय साझेदारी और शैक्षणिक आदान-प्रदान के विस्तार पर केंद्रित थी।

पर्यटन एवं सांस्कृतिक क्षेत्रों में बैठक के दौरान आरोग्यता एवं आयुर्वेद पर्यटन को बढ़ावा देने की संभावनाओं पर विचार किया गया। दोनों पक्षों ने केरल और अमेरिकी शहरों के बीच संस्थागत व सामुदायिक स्तर पर मज़बूत संबंध स्थापित करने के लिए 'सहोदर शहर' पहल विकसित करने की संभावना पर भी चर्चा की।

बैठक में समुद्री लॉजिस्टिक्स एवं बंदरगाह क्षेत्रों, विशेष रूप से विझिंजम अंतरराष्ट्रीय बंदरगाह और कोच्चि बंदरगाह में अवसरों की समीक्षा की गयी। सहयोग और निवेश के लिए जिन संभावित क्षेत्रों की पहचान की गयी, उनमें पोत निर्माण, जहाज मरम्मत, ग्रीन बंकरिंग और सप्लाई-चेन विकास शामिल हैं।

एक अन्य प्रमुख प्रस्ताव अमेरिका में एक समर्पित 'यूएस इन्वेस्ट डेस्क' स्थापित करने का था, ताकि संभावित निवेशकों को केरल से जोड़ा जा सके, अमेरिकी व्यवसायों के साथ जुड़ाव को सुगम बनाया जा सके और प्रवासी मलयाली समुदाय के साथ संबंधों को मज़बूत किया जा सके।

दोनों पक्षों ने बैठक में चर्चा किये गये प्रस्तावों को व्यावहारिक पहलों में बदलने और उन्हें केरल-अमेरिका के बीच सक्रिय और दीर्घकालिक साझेदारी के रूप में विकसित करने के प्रति उत्साह व्यक्त किया।

ऐसी भी रिपोर्टें हैं कि अलप्पुझा जाने से पहले बॉलोस और उनकी टीम ने कोच्चि में केरल के मुख्यमंत्री वीडी सतीशन से मुलाकात की थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित