वाशिंगटन , अक्टूबर 28 -- संयुक्त राष्ट्र में अमेरिकी राजदूत माइक वाल्ट्ज ने कहा है कि अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने एक क्यूबाई राजनयिक को देश से बाहर निकालने के लिए आवश्यक दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कर दिए हैं। इस क्यूबाई राजनयिक पर अमेरिकी राजनयिक अधिकारी को धक्का देने और शारीरिक रूप से हमला करने का प्रयास करनेका आरोप है।

यह झड़प संयुक्त राष्ट्र में हुई और इसके बाद अमेरिका ने क्यूबाई राजनयिक रिचर्ड टुर डे ला कॉन्सेप्सियन को निष्कासित करने का फैसला लिया। यह विवाद मंगलवार को तब शुरू हुआ, जब क्यूबाई विदेश मंत्री ब्रूनो रोड्रिगेज पारिला, जब श्री वाल्ट्ज की 'भ्रष्ट क्यूबाई कुलीन वर्ग' के संबंध में की गई टिप्पणियों के दौरान भड़क गए और अमेरिकी राजदूत पर बेईमानी का आरोप लगाया।

यह विवाद तब और बढ़ गया, जब क्यूबाई और अमेरिकी राजनयिक प्रतिनिधि आपस में उलझ गए। क्यूबा के संयुक्त राष्ट्र प्रतिनिधिमंडल के प्रथम सचिव श्री रिचर्ड ने श्री वाल्ट्ज के प्रवक्ता जेपी फ्रेयर की तरफ बढ़ते हुए उस आईफोन को छीनने का प्रयास किया जिसका उपयोग श्री फ्रेयर इस घटना को रिकॉर्ड करने के लिए कर रहे थे।

मंगलवार शाम फॉक्स न्यूज पर एक साक्षात्कार के दौरान, श्री वाल्ट्ज ने खुलासा किया कि श्री रुबियो ने श्री रिचर्ड को अमेरिका से हटाने की औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं। श्री वाल्ट्ज ने कहा कि वह जा चुके हैं और अगले 24 घंटों के भीतर हवाना जाने वाले विमान में होंगे।

राजदूत वाल्ट्ज ने कॉन्सेप्सियन पर अमेरिकी राजनयिक कोर के एक सदस्य को धक्का देने और शारीरिक रूप से हमला करने की कोशिश करने का गंभीर आरोप लगाया है। श्री वाल्ट्ज ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि संयुक्त राज्य अमेरिका में किसी अमेरिकी पर हाथ उठाया जाता है, तो राष्ट्रपति ट्रम्प, विदेश मंत्री रुबियो और वे खुद इसे सहन नहीं करेंगे।

यह विवाद तब शुरू हुआ, जब संयुक्त राष्ट्र में अमेरिकी राजदूत ने दिवंगत तानाशाह फिदेल कास्त्रो की लगभग 40,000 डॉलर मूल्य की दो रोलेक्स घड़ियां पहने हुए एक तस्वीर प्रदर्शित की और उसके बाद क्यूबाई राष्ट्रपति मिगुएल डियाज़-कैनेल की छवि दर्शकों के सामने प्रस्तुत की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित