श्रीनगर , अगस्त 19 -- भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने बुधवार को श्रीनगर में जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं ने आर्थिक सहयोग को गहरा करने और परस्पर लाभकारी अवसर पैदा करने के उपायों पर चर्चा की।
पद संभालने के बाद जम्मू-कश्मीर की अपनी पहली यात्रा पर आए अमेरिकी राजदूत ने कहा कि इस बैठक का मुख्य उद्देश्य मुख्यमंत्री की प्राथमिकताओं को समझना और दोनों पक्षों के बीच सहयोग को मजबूत करने के रास्तों की तलाश करना था।
बैठक के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जारी एक पोस्ट में राजदूत गोर ने लिखा, "जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से मिलने और उनकी प्राथमिकताओं के बारे में अधिक जानने के अवसर की सराहना करता हूं। हमने आर्थिक सहयोग को गहरा करने और ऐसे अवसर पैदा करने के तरीकों पर चर्चा की जो हमारे दोनों राष्ट्रों के लिए परस्पर फायदेमंद होंगे।"यह पिछले 15 से अधिक वर्षों में किसी सेवारत अमेरिकी राजदूत और जम्मू-कश्मीर के मौजूदा मुख्यमंत्री के बीच पहली मुलाकात थी। अमेरिकी राजदूत बुधवार दोपहर श्रीनगर पहुंचे और गुरुवार को लद्दाख के लिए रवाना होंगे। वह भारत के अलावा दक्षिण और मध्य एशिया के लिए अमेरिकी विशेष दूत के रूप में भी कार्यरत हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित