डलास , मार्च 25 -- अमेरिकी युद्ध विभाग (डीओडब्ल्यू) ने रक्षा उत्पाद बनाने वाली कंपनी लॉकहीड मार्टिन के साथ 'प्रिसिजन स्ट्राइक मिसाइल' (पीआरएसएम) का उत्पादन चार गुना बढ़ाने के लिए एक बड़े समझौते की घोषणा की है। इस कदम का उद्देश्य दुश्मनों के मुकाबले अमेरिकी सैन्य शक्ति को और मजबूत करना है।
यह समझौता पिछले साल अमेरिकी सेना के साथ हुए 4.94 अरब डॉलर (41,000 करोड़ रुपये) के अनुबंध पर आधारित है। यदि अमेरिकी कांग्रेस से मंजूरी मिलती है, तो इस समझौते को सात साल के अनुबंध में बदला जा सकता है।
अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने चार मार्च को पुष्टि की थी कि 'ऑपरेशन एपिक फ्यूरी' के दौरान पहली बार पीआरएसएम मिसाइलों का युद्ध में इस्तेमाल किया गया था। यह मिसाइल पुरानी 'एटाकम्स' मिसाइल प्रणाली के मुकाबले अधिक दूरी तक मार करने में सक्षम है तथा इसकी मारक क्षमता भी अधिक है। जुलाई 2025 में अमेरिकी सेना ने इसके पूर्ण उत्पादन और तैनाती के लिए मंजूरी दे दी थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित