सान सैल्वाडोर , मई 26 -- मध्य अमेरिका, दक्षिण अमेरिका और कैरिबियाई द्वीपों पर अवैध हथियारों की तस्करी और उससे संबंधित आपराधिक कृत्यों पर शिकंजा कसने के लिए चलाये गये संयुक्त पुलिस अभियान के तहत 3,308 हथियार एवं 56 टन अवैध मादक पदार्थ जब्त किये गये हैं।
अक्टूबर-नवंबर 2025 में चलाये गये ऑर्का-11 अभियान के तहत अंतरराष्ट्रीय अपराधी पुलिस संगठन (इंटरपोल) के सहयोग और समर्थन से 20 देशों में यह पुलिसिया कार्रवाई की गयी।
इस अभियान की तैयारी के लिए इंटरपोल ने भाग लेने वाले देशों को हथियारों की तस्करी से जुड़ी खुफिया जानकारी का विश्लेषण करने, राष्ट्रीय खतरे का आकलन करने और सीमा-पार सूचनाओं के आदान-प्रदान में समन्वय स्थापित करने में सहायता प्रदान की। इसमें क्षेत्रीय सहयोग को बढ़ावा देने के लिए 'ऑर्गेनाइज़ेशन ऑफ़ अमेरिकन स्टेट्स' का भी समर्थन प्राप्त था।
हथियारों की ज़ब्ती के अलावा, इसमें शामिल अधिकारियों ने हथियारों और नशीले पदार्थों को रखने या उनकी तस्करी से जुड़े 8,701 लोगों की गिरफ़्तारी की जानकारी दी। साथ ही, कई अन्य अपराधों और जुर्मों के मामले भी सामने आये। अधिकारियों ने लगभग 200,000 राउंड गोला-बारूद, 256,025 अमेरिकी डॉलर की नकद राशि और 210 वाहन भी ज़ब्त किये।
इस क्षेत्र में हथियारों की तस्करी अन्य प्रकार की आपराधिक गतिविधियों से गहराई से जुड़ी हुई है, जिनमें नशीले पदार्थों की तस्करी, मानव तस्करी, प्रवासियों की अवैध घुसपैठ और साइबर अपराध शामिल हैं। इन अपराधों के पीछे सक्रिय संगठित आपराधिक समूह और गिरोह अक्सर कई तरह की अवैध वस्तुओं की तस्करी के लिए उन्हीं रास्तों का इस्तेमाल करते हैं।
इस अभियान में भाग लेने वाले 10 देशों ने भी बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थों की बरामदगी की सूचना दी। इसमें 6.9 टन कोकीन, 659,403 कोका के पौधे, 9.3 टन कोकीन बेस पेस्ट, 38.5 टन मारिजुआना, दो टन मेथामफेटामाइन और 11 किलोग्राम केटामाइन शामिल है।
इंटरपोल के महासचिव वाल्डेसी उरक्विज़ा ने अभियान के बारे में कहा, " ऑर्का-11 अभियान की वजह से हज़ारों हथियार का प्रसार रोका गया है और बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ ज़ब्त किये गये हैं। यह संगठित अपराध के खिलाफ लड़ाई में असली प्रगति को दिखाता है। इंटरपोल की प्रतिबद्धता यह है कि वह कानून लागू करने वाली एजेंसियों को वह खुफिया जानकारी, उपकरण और संयोजन मुहैया कराती रहे, जिनकी उन्हें इन बदलते खतरों से आगे रहने के लिए ज़रूरत है। "अमेरिकी राज्यों के संगठन के महासचिव एल्बर्ट आर रामदीन ने कहा, " सफलता तब ऐसी दिखती है, जब पूरे क्षेत्र का संयोजन और विश्व-स्तरीय तकनीकी एवं अभियान क्षमताएं मिलकर काम करती हैं। हज़ारों हथियार सड़कों से हटाये जाते हैं, ड्रग्स ज़ब्त होती हैं, और समाज ज़्यादा सुरक्षित होता है। यह अभियान साबित करता है कि अंतरराष्ट्रीय सहयोग और जानकारी साझा करने से नतीजे मिलते हैं। हमारे सुरक्षा ढांचे को इसी तरह नतीजे देते रहनाचाहिए। "उल्लेखनीय है कि इस अभियान में अर्जेंटीना, बेलीज़, बोलीविया, ब्राज़ील, चिली, कोलंबिया, कोस्टा रिका, डोमिनिकन रिपब्लिक, इक्वाडोर, अल सल्वाडोर, ग्वाटेमाला, गुयाना, होंडुरास, मेक्सिको, निकारागुआ, पनामा, पैराग्वे, पेरू, सूरीनाम और उरुग्वे सहित 20 देश शामिल थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित