अमृतसर , सितंबर 11 -- शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने अमेरिका के गृह सुरक्षा विभाग की ओर से सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर जारी एक पोस्टर में पंजाबी-सिख समुदाय को निशाना बनाए जाने पर कड़ा विरोध जताया है।
एडवोकेट धामी ने शुक्रवार को इस संबंध में राष्ट्रीय राजधानी स्थित अमेरिकी दूतावास को पत्र लिखकर आपत्ति दर्ज कराई है। उन्होंने विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर से भी इस मामले को कूटनीतिक स्तर पर अमेरिकी सरकार के समक्ष उठाने का आग्रह किया है।
उन्होंने कहा कि अमेरिका के विकास और आर्थिक प्रगति में पंजाबियों ने अपनी मेहनत, ईमानदारी और कौशल से महत्वपूर्ण योगदान दिया है। ट्रकिंग सहित विभिन्न क्षेत्रों में सिख और पंजाबी समुदाय अपनी मेहनत के बल पर आगे बढ़ रहा है और अमेरिकी समाज की सेवा कर रहा है। उन्होंने कहा कि अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग के पोस्टर में 'मिस्टर सिंह' का विशेष उल्लेख कर पंजाबी और सिख समुदाय को निशाना बनाना नस्लीय एवं सामुदायिक पक्षपात वाली सोच को दर्शाता है। विकसित देश के लिए इस तरह की सोच दुखद और चिंताजनक है।
एसजीपीसी अध्यक्ष ने कहा कि किसी भी समुदाय को उसकी धार्मिक पहचान, नाम या पहनावे के आधार पर निशाना बनाना सभ्य समाज के मूल्यों के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति विशेष से जुड़े मामले को पूरे पंजाबी या सिख समुदाय से जोड़ना अन्यायपूर्ण है और इससे विभिन्न समुदायों के बीच आपसी भाईचारे तथा सौहार्द को नुकसान पहुंच सकता है। उन्होंने विदेश मंत्री जयशंकर से आग्रह किया कि सिख समाज के प्रति इस तरह के कथित भेदभावपूर्ण व्यवहार का मामला अमेरिकी सरकार के समक्ष गंभीरता से उठाया जाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित