वाशिंगटन , अक्टूबर 18 -- अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि कब्जे वाले वेस्ट बैंक में अमेरिकी फोटो पत्रकार हेइदी लेविन की कथित पिटाई की घटना से अमेरिका बेहद चिंतित है। उन्होंने इजरायल से यहूदी बस्तियों के निवासियों की हिंसा पर लगाम लगाने का आग्रह किया और चेतावनी दी कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इस क्षेत्र में नए संकट से बचना चाहते हैं।
श्री रुबियो ने पत्रकारों से कहा, "हमने इजरायली अधिकारियों से ऐसी घटनाओं पर सख्ती से लगाम लगाने को कहा है और आगे भी कहते रहेंगे।" उन्होंने इस घटना को परेशान करने वाला बताया और कहा कि अमेरिका अपने दूतावास के जरिये मामले की पूरी जानकारी जुटा रहा है। श्री रुबियो ने साफ किया कि राष्ट्रपति ट्रंप वेस्ट बैंक में फिर से तनाव या नया संकट नहीं चाहते, जहां इन दिनों जैतून की फसल की कटाई के दौरान हिंसा बढ़ने से चिंता गहरा गई है। बड़े संकट के खतरे की ओर इशारा करते हुए श्री रुबियो ने कहा, "हमें इस वक्त ऐसे किसी तनाव की जरूरत नहीं है और न ही इजरायल को इसकी जरूरत है।
सुश्री लेविन शुक्रवार को फिलिस्तीनियों की सालाना जैतून की फसल की कटाई की कवरेज कर रही थीं, तभी कथित तौर पर इजरायली बस्तियों के कुछ निवासियों ने कई फिलिस्तीनियों के साथ उन पर भी हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हमलावरों ने उनकी पिटाई की और उनका पासपोर्ट, फोन, बटुआ तथा कैमरे से जुड़े उपकरण छीन लिए। सुश्री लेवाइन ने कहा, "वे मुझे करीब 10 मिनट तक लातों से मारते रहे, जबकि मैं अपने कैमरे और बैग को बचाने की कोशिश कर रही थी।"श्री रुबियो ने कहा कि उन्होंने घटना का वीडियो देखा है, लेकिन साथ ही आगाह किया कि अमेरिका को अभी सभी तथ्यों की पुष्टि करनी बाकी है। अमेरिकी अधिकारियों ने दूतावास से संपर्क किया है और पूरी घटना की रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने कहा, "अगर जांच में घटना वैसी ही पाई जाती है जैसी दिख रही है, तो हमारे पास इजरायली पक्ष को यह स्पष्ट संदेश देने के तरीके मौजूद हैं कि हम भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए उनसे क्या उम्मीद करते हैं।"उनकी यह टिप्पणी उन सवालों के बाद आई है, जो राष्ट्रपति ट्रंप के पिछले वर्ष पद संभालने के पहले दिन इजरायली बसने वालों पर से प्रतिबंध हटाने के फैसले को लेकर उठाए जा रहे थे। श्री रुबियो ने स्पष्ट किया कि प्रतिबंध हटाने के फैसले का मतलब यह नहीं था कि राष्ट्रपति वेस्ट बैंक में हो रही हिंसा का समर्थन करते हैं। उन्होंने कहा, "प्रतिबंध हटाने का यह अर्थ बिल्कुल नहीं है कि वे टीवी पर जो देख रहे हैं या रिपोर्टों में जो पढ़ रहे हैं, उसके समर्थक हैं।"उन्होंने कहा कि अमेरिका जैतून की कटाई के दौरान की स्थिति पर करीबी नजर रख रहा है, जब बड़ी संख्या में फिलिस्तीनी और अन्य लोग कृषि क्षेत्रों में जाते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि लेबनान में भी इसी तरह की चिंताएं पैदा हो सकती हैं।
इजरायल में अमेरिकी राजदूत माइक हकाबी ने अलग से इस घटना की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। श्री हकाबी ने शनिवार को 'एक्स' पर लिखा, "एक महिला फोटोग्राफर पर हमला नकाबपोश कायरों द्वारा की गई एक घृणित आतंकी हरकत है।" उन्होंने कहा कि निहत्थी पत्रकार पर हमला करने वालों को जेल की सजा होनी चाहिए।
इस घटना ने कब्जा किए गए वेस्ट बैंक में इजरायली बसने वालों की हिंसा की ओर एक बार फिर ध्यान खींचा है। इसके साथ ही इजरायल के साथ करीबी रिश्ते बनाए रखते हुए क्षेत्र में तनाव को और बढ़ने से रोकने की अमेरिका की चुनौती को भी उजागर किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित