वाशिंगटन , अप्रैल 24 -- अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिकी नौसेना प्रमुख जॉन फेलन को पद से बर्खास्त कर दिया है।

श्री ट्रंप के दूसरे कार्यकाल में यह पहली बार है जब किसी सेवा प्रमुख को पद से हटाया गया है।

रिपोर्ट के अनुसार, श्री फेलन को रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ के साथ बैठक के बाद इस्तीफा देने को कहा गया। बताया जा रहा है कि श्री ट्रंप को यह लगा कि जहाज निर्माण कार्यक्रम को अपेक्षित गति से आगे नहीं बढ़ाया जा रहा था।

श्री फेलन के स्थान पर सेवानिवृत्त नौसेना अधिकारी हंग काओ को कार्यवाहक प्रमुख नियुक्त किया गया है।

सूत्रों के अनुसार, यह निर्णय अचानक प्रतीत हुआ, लेकिन इसके पीछे कई महीनों से चल रहे मतभेद थे। नौसेना विस्तार योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर ट्रंप प्रशासन में असंतोष बना हुआ था।

श्री ट्रंप ने श्री फेलन को "अच्छा व्यक्ति" बताते हुए कहा कि वह पेंटागन में अन्य अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित नहीं कर पाए, विशेषकर नए युद्धपोतों के निर्माण और खरीद को लेकर। उन्होंने भविष्य में उनके पुनः शामिल होने की संभावना से भी इनकार नहीं किया।

इस विवाद के केंद्र में अमेरिका की जहाज निर्माण क्षमता को तेजी से बढ़ाने की योजना है, जिसे चीन की बढ़ती नौसैनिक शक्ति के जवाब के रूप में देखा जा रहा है।

बताया जा रहा है कि प्रशासन एक नयी नौसैनिक शक्ति विकसित करने की योजना पर काम कर रहा है, जिसके तहत नये युद्धपोतों के निर्माण का लक्ष्य रखा गया है। हालांकि रक्षा विशेषज्ञों ने इस योजना की समयसीमा और लागत को लेकर चिंता जताई है।

अमेरिकी नौसेना के लिए प्रस्तावित बजट में जहाज निर्माण पर बड़े निवेश का प्रावधान किया गया है, लेकिन फेलन के हटने के बाद इन योजनाओं की दिशा में बदलाव की संभावना जताई जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित