तेहरान , मई 03 -- फारस की खाड़ी मेंअमेरिका की नौसैनिक नाकेबंदी के और कड़े होने के बीच ईरान ने कथित तौर पर तेल उत्पादन में कटौती शुरू कर दी है, जिससे उसके निर्यात पर दबाव बढ़ गया है, भंडारण केंद्र भरने लगे हैं और प्रमुख निर्यात टर्मिनल के पास तेल टैंकरों की भीड़ जमा हो रही है।
ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार अमेरिका ईरान की ऊर्जा आय को बाधित कर उस पर दबाव बढ़ाने की रणनीति पर काम कर रहा है, जबकि ईरान उत्पादन घटाकर व्यवस्था को यथासंभव लंबे समय तक बनाए रखने की कोशिश कर रहा है।
एक वरिष्ठ ईरानी अधिकारी ने कहा कि भंडारण क्षमता पर अत्यधिक दबाव से बचने के लिए उत्पादन नियंत्रित तरीके से कम किया जा रहा है। यह कटौती देश के लगभग 30 प्रतिशत तेल भंडार को प्रभावित कर सकती है, हालांकि अधिकारियों का कहना है कि स्थिति नियंत्रण में है।
श्री हमीद होसैनी ने कहा, "हमारे पास पर्याप्त विशेषज्ञता और अनुभव है," और जोर दिया कि ईरान को प्रतिबंधों के दबाव में तेल कुओं को बंद करने और दोबारा चालू करने का लंबा अनुभव है।
नाकेबंदी 13 अप्रैल से पहले ईरान का तेल क्षेत्र लगभग 32 लाख बैरल प्रतिदिन उत्पादन कर रहा था और उसका निर्यात युद्ध-पूर्व स्तर के करीब बना हुआ था। हालांकि मौजूदा स्थिति अलग है क्योंकि इस बार केवल वित्तीय प्रतिबंधों के बजाय अमेरिका समुद्री गतिविधियों को प्रत्यक्ष रूप से बाधित कर आपूर्ति को रोकने की कोशिश कर रहा है।
स्थिति का एक प्रमुख संकेत खार्ग द्वीप के पास बड़ी संख्या में खड़े तेल टैंकर हैं, जो ईरान का मुख्य निर्यात केंद्र है। इनमें से कई जहाजों को अस्थायी भंडारण के रूप में उपयोग किया जा रहा है, जबकि कुछ पुराने पोतों को भी स्टोरेज सुविधा के तौर पर लगाया गया है।
अमेरिका के ट्रेजरी प्रमुख स्कॉट बेसेंट ने इस सप्ताह कहा कि खार्ग द्वीप की भंडारण क्षमता शीघ्र ही अपनी सीमा के करीब पहुंच सकती है और यदि निर्यात बाधित रहा तो ईरान को प्रतिदिन लगभग 17 करोड़ डॉलर का नुकसान हो सकता है।
विश्लेषकों का कहना है कि दबाव अब स्पष्ट दिखाई देने लगा है। केरोस के सह-संस्थापक और मुख्य विश्लेषक एंटोइन हाल्फ ने कहा कि उत्पादन में सुस्ती के संकेत मिल रहे हैं।
यदि भंडारण पूरी तरह भर जाता है, तो ईरान को उत्पादन में और अधिक कटौती करनी पड़ सकती है, जिससे कई तेल क्षेत्रों को लगभग आधी क्षमता पर संचालित करना पड़ सकता है। तेहरान तुर्किये और पाकिस्तान जैसे पड़ोसी देशों के जरिए सीमित स्थलीय निर्यात विकल्प भी तलाश रहा है, हालांकि उसकी क्षमता सीमित बताई जा रही है।
दबाव के बावजूद व्यवस्था पूरी तरह ठप नहीं हुई है। अनुमान के अनुसार ईरान के पास अभी भी करोड़ों बैरल फ्लोटिंग स्टोरेज की सुविधा है, जिससे उसे कुछ समय मिल सकता है।
वोर्टेक्सा की समुद्री जोखिम एवं खुफिया निदेशक क्लेयर जंगमैन ने कहा, "कड़े दबाव के बावजूद निकट अवधि में प्रवाह जारी रखने की क्षमता बनी हुई है।" उन्होंने कहा कि इसे पूर्ण व्यवधान के बजाय सीमित लेकिन कार्यशील प्रणाली के रूप में देखा जाना चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित