दरभंगा , जुलाई 22 -- ंयुक्त किसान मोर्चा के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर अखिल भारतीय किसान सभा की दरभंगा इकाई ने बुधवार को अमेरिकी ट्रेड डील, किसानों की भूमि अधिग्रहण की नीतियों, प्रस्तावित सेटलाइट टाउनशिप तथा छात्रों पर कथित लाठीचार्ज के विरोध में प्रतिरोध मार्च निकालकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने अंत में भोगेन्द्र झा चौक पहुंचकर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का प्रतीकात्मक पुतला दहन किया।
किसान सभा के जिला अध्यक्ष राजीव कुमार चौधरी के नेतृत्व में अजय भवन से निकला मार्च एम.आर.एम. कॉलेज होते हुए कॉमरेड भोगेन्द्र झा चौक पहुंचा। यहां आयोजित सभा में वक्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार की कथित किसान विरोधी नीतियों की आलोचना करते हुए अमेरिका-भारत व्यापार समझौते को वापस लेने तथा किसानों की भूमि के जबरन अधिग्रहण की योजनाओं को रद्द करने की मांग की।
सभा को संबोधित करते हुए किसान सभा के जिला सचिव अहमद अली तमन्ना ने आरोप लगाया कि प्रस्तावित अमेरिका-भारत व्यापार समझौता भारतीय किसानों के हितों के प्रतिकूल है। उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र को कॉरपोरेट हितों के हवाले करने की नीतियों से किसानों की आजीविका और देश की खाद्य सुरक्षा प्रभावित होगी। उन्होंने संसद मार्च के दौरान छात्रों और युवाओं पर हुए कथित लाठीचार्ज एवं आंसू गैस के प्रयोग की भी निंदा की।
किसान नेता विश्वनाथ मिश्र ने कहा कि बिहार में सेटलाइट टाउनशिप, भारतमाला सड़क परियोजना, चौसा थर्मल पावर, रेलवे विस्तार, पिपराकोठी वाटर पार्क समेत विभिन्न परियोजनाओं के नाम पर उपजाऊ कृषि भूमि अधिग्रहित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों की जमीन उनकी आजीविका, पहचान और भविष्य की सुरक्षा का आधार है तथा राज्य को सेटलाइट टाउनशिप के बजाय कृषि, सिंचाई, शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन और कृषि आधारित उद्योगों के विकास पर ध्यान देना चाहिए।
किसान नेता वरुण झा ने कहा कि संयुक्त किसान मोर्चा ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के दौरान किसान विरोधी नीतियों के खिलाफ जनजागरण अभियान चलाने का निर्णय लिया है। इसके तहत 23 से 25 जुलाई तक किसान घर-घर जाकर जनसंपर्क करेंगे और किसानों, बटाईदारों तथा खेतिहर मजदूरों को संगठित करने का प्रयास करेंगे।
सभा के अंत में जिला अध्यक्ष राजीव कुमार चौधरी ने कहा कि किसानों की जमीन, अधिकार और सम्मान की रक्षा के लिए आंदोलन को और तेज किया जाएगा तथा किसानों की मांगें पूरी होने तक संघर्ष जारी रहेगा।
कार्यक्रम में रामनाथ पंजियार, सुजीत आचार्या, राजू कुमार मिश्र (एआईवाईएफ), क्रांति सिंह, संजीव झा, हीरा पासवान, भोला शेख सहित किसान सभा एवं संयुक्त किसान मोर्चा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में किसान मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित