नैशविले , अक्टूबर 01 -- अमेरिका के टेनेसी प्रांत में मृत्युदंड प्राप्त कैदी क्रिस्टा पाइक को दो जानलेवा इंजेक्शन दिये गये लेकिन इसके बावजूद वह बच गयी।

अधिकारियों ने उसे आपातकालीन इलाज के लिए अस्पताल ले जाने से पहले पेंटोबार्बिटल की दो डोज़ दी थीं।

पचास वर्षीय पाइक को1995 में अपनी 19 साल की सहपाठी कोलीन स्लेमर को प्रताड़ित करने और उसकी हत्या करने का दोषी ठहराया गया था। इस हत्या ने पूरे देश का ध्यान खींचा था क्योंकि पीड़िता के शरीर पर पेंटाग्राम (पंचकोणीय तारा) उकेरा गया था। पाइक तब 18 साल की थी जब उसने और उसके प्रेमी, तडारिल शिप ने, स्लेमर को नॉक्सविल के एक जंगली इलाके में बहला-फुसलाकर ले जाने के बाद उस पर हमला किया।

अभियोजकों के मुताबिक पाइक ने बॉक्स कटर से स्लेमर को काटा और उसकी पिटाई की जबकि शिप ने उसके शरीर पर पेंटाग्राम उकेरने की बात स्वीकार की। पाइक को मौत की सजा सुनायी गयी जबकि शिप, जो उस समय 17 साल का था, को उम्रकैद की सजा मिली।

पाइक ने हत्या से कभी इनकार नहीं किया , हालांकि उनके वकीलों ने तर्क दिया कि जिन जूरी सदस्यों ने उन्हें मौत की सज़ा सुनायी, उन्होंने उसके बचपन में हुए गंभीर यौन शोषण एवं उपेक्षा के पूरे इतिहास के बारे में नहीं सुना। बाद में पाइक को बाइपोलर विकार और पोस्ट-ट्रॉमेटिक स्ट्रेस विकार होने का भी पता चला। बचाव पक्ष का कहना है कि अपराध के समय उनकी मानसिक स्थिति के लिए ये बातें अहम थीं।

बुधवार को होने वाली सज़ा-ए-मौत पर अमल से कुछ घंटे पहले ही उस पर अनिश्चितता के बादल छा गये थे। ज़हरीला इंजेक्शन दिये जाने के तय समय से लगभग एक घंटे पहले, अमेरिका का छठा सर्किट अपीलीय न्यायालय ने पाइक के वकीलों की दलीलों की जांच करने के लिए इस पर अस्थायी रोक लगा दी। इन दलीलों में यह सवाल भी शामिल था कि क्या बचपन में उसके साथ हुए दुर्व्यवहार से जुड़े सबूतों पर ठीक से विचार किया गया था।

टेनेसी के अटॉर्नी जनरल के ऑफ़िस ने तुरंत अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट में अपील की और दलील दी कि आखिरी समय में किए गए दखल को रद्द कर देना चाहिए। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने सज़ा-ए-मौत की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने का रास्ता साफ़ कर दिया। जस्टिस सोनिया सोतोमयोर, एलेना कगन और केतनजी ब्राउन जैक्सन ने असहमति व्यक्त की। जस्टिस सोतोमयोर ने कहा कि कहा कि इस फ़ैसले से सज़ा-ए-मौत पर अमल करने की इजाज़त मिल गयी, जबकि दोषी ठहराये जाने के ख़िलाफ़ उनकी कानूनी आपत्तियों पर अभी ठीक से विचार होना बाकी है।

इसके बाद टेनेसी सुधार विभाग ने नैशविल में रिवरबेंड मैक्सिमम सिक्योरिटी इंस्टीट्यूशन में मृतयुदंड की प्रक्रिया शुरू की।पाइक को पेंटोबार्बिटल के दो इंजेक्शन दिए गए लेकिन उसके बाद भी वह जीवित रहीं। उनके वकीलों ने बताया कि वह अभी भी सांस ले रही थीं और इंजेक्शन लगने के लगभग 40 मिनट बाद उनके खर्राटे लेने की आवाज़ सुनी जा सकती थी। आखिरकार जेल अधिकारियों ने यह प्रक्रिया रोक दी और पाइक को एम्बुलेंस से बाहर के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां उनके एक वकील ने बताया कि उनका जीवन रक्षक इलाज चल रहा था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित