नयी दिल्ली , मई 31 -- भारत और अमेरिका के बीच सोमवार से चार दिवसीय उच्च स्तरीय वार्ता शुरू होने जा रही है, जिसमें दोनों देशों के मुख्य वार्ताकार एक बहुप्रतीक्षित अंतरिम व्यापार समझौते को अंतिम रूप देंगे।
इस वार्ता में अमेरिकी टीम का नेतृत्व मुख्य वार्ताकार ब्रेंडन लिंच करेंगे, जबकि भारतीय दल की अगुवाई वाणिज्य विभाग के अतिरिक्त सचिव और मुख्य वार्ताकार दर्पण जैन करेंगे।
केंद्रीय वाणिज्य मंत्रालय के अनुसार, दोनों पक्षों का उद्देश्य अंतरिम समझौते के विवरण को अंतिम रूप देना और व्यापक द्विपक्षीय व्यापार समझौते के तहत बाजार पहुंच, गैर-शुल्क उपाय, सीमा शुल्क एवं व्यापार सुविधा, निवेश प्रोत्साहन और आर्थिक सुरक्षा समन्वय जैसे कई क्षेत्रों में बातचीत को आगे बढ़ाना है।
भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने 'भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान' (आईआईटी) दिल्ली में आयोजित 'यूएस-इंडिया ट्रस्ट इनिशिएटिव' कार्यक्रम के दौरान कहा कि दोनों देश इस ऐतिहासिक समझौते को संपन्न करने के आखिरी चरण में हैं और अगले कुछ हफ्तों या महीनों के भीतर इस पर हस्ताक्षर होने की पूरी उम्मीद है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित