चंडीगढ़ , सितंबर 21 -- पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष एवं लुधियाना सांसद अमरिंदर सिंह राजा वडिंगने सोमवार को अमेरिका और ब्रिटेन में सिख चालकों पर कथित हमलों का मुद्दा विदेश मंत्री एस. जयशंकर के समक्ष उठाते हुए दोनों देशों के राजनयिकों को तलब कर भारत की चिंता से अवगत कराने की मांग की है।
श्री जयशंकर को लिखे पत्र में राजा वडिंग ने अमेरिका के वायोमिंग में 13 सितंबर को एक सिख ट्रक चालक पर हुए हमले का उल्लेख किया, जिसमें चालक को 17 बार चाकू मारे जाने की खबरें सामने आई थीं। मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर हत्या के प्रयास का आरोप लगाया गया है, जबकि हमले के पीछे की मंशा की जांच जारी है। उन्होंने नौ सितंबर को अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग की ओर से जारी उस पोस्ट का भी उल्लेख किया, जिसमें 'मिस्टर सिंह' को लेकर आपत्तिजनक संदेश था। पोस्ट को लेकर नस्लीय भेदभाव के आरोप उठे और बाद में इसे हटा दिया गया।
राजा वडिंग ने 18 सितंबर को इंग्लैंड के टेलफोर्ड में सिख बस चालक के साथ कथित मारपीट की घटना का भी जिक्र किया। ब्रिटेन की पुलिस के अनुसार चालक से मारपीट के बाद बस लेकर भागे एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। चालक को मामूली चोटें आईं।
कांग्रेस नेता ने कहा कि इन घटनाओं से सिख समुदाय में चिंता पैदा हुई है। उन्होंने विदेश मंत्रालय से दोनों देशों की सरकारों के समक्ष यह मामला उच्चतम स्तर पर उठाने और सिख नागरिकों की सुरक्षा एवं सम्मान सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कदम उठाने का आग्रह किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित